water dispute: पानी विवाद में महिला के साथ अभद्रता, धमकियों की शिकायत

आठनेर थाना क्षेत्र के गुणवंत नगर का मामला, आवेदिका ने लगाई न्याय की गुहार

बैतूल। आठनेर थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले गुणवंत नगर में पानी के विवाद में महिला से अभद्रता एवं धमकियां देने का मामला सामने आया है। गुणवंत नगर आठनेर निवासी आवेदिका भारती पति उमेश घोरपड़े ने आठनेर थाना प्रभारी को एक शिकायत दी है, जिसमें उन्होंने अनावेदक कमलेश पिता इसना लोखण्डे के खिलाफ पानी के विवाद में गाली-गलौज करने और धमकियां देने का आरोप लगाया है।

आवेदिका भारती ने अपनी शिकायत में बताया कि उनके घर का निर्माण कार्य चालू है और घर के काम को पूरा करने के लिए वह गुणवंत मंदिर से पानी लाती हैं। उन्होंने बताया कि वह मंदिर में पानी का टैंकर भी डलवाती हैं। 20 मई 2024 को जब वह गुणवंत मंदिर से पानी लाने गईं, तो अनावेदक कमलेश ने उन्हें पानी ले जाने से मना किया और गाली-गलौज करने लगा। कमलेश ने उन्हें धमकी दी कि वह जो चाहे कर लें, वह उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकतीं।

— आवेदिका की स्थिति–

आवेदिका ने बताया कि वह हाई ब्लड प्रेशर की मरीज हैं और उन्हें डर है कि भविष्य में अगर उनके साथ कोई दुर्घटना होती है, तो इसका जिम्मेदार अनावेदक ही होगा। आवेदिका का कहना है कि वह गरीब और असहाय हैं। उनके पति नहीं हैं और वह एक छोटे बच्चे के साथ रहती हैं। आवेदिका ने अपनी शिकायत में कहा कि बार-बार धमकियों के कारण उन्हें तनाव हो रहा है और अगर तनाव के कारण उनकी तबियत खराब होती है, तो इसका जिम्मेदार अनावेदक होगा। आवेदिका ने यह भी चिंता जताई कि अगर उनके साथ कुछ होता है, तो उनके छोटे बच्चे का क्या होगा।

— पुलिस प्रशासन पर आरोप–

आवेदिका का कहना है कि अनावेदक बार-बार धमकी दे रहा है कि वह पुलिस वालों को पैसे देकर शिकायत खत्म करवा देगा। आवेदिका ने आरोप लगाया कि वह बार-बार अपने छोटे बच्चे के साथ पुलिस थाने के चक्कर लगा रही हैं, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही है। अब तक अनावेदक के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है। यह मामला एक गंभीर मुद्दा है जिसमें एक गरीब और बेसहारा महिला को न्याय दिलाना जरूरी है। उम्मीद है कि पुलिस प्रशासन इस मामले में शीघ्र और उचित कार्रवाई करेगा ताकि आवेदिका को न्याय मिल सके।

— पुलिस का पक्ष–

इस मामले में आठनेर टी आई सरविन्द धुर्वे से जब उनका पक्ष जानना चाहा तो उन्होंने कहा कि वह इस मामले की जांच करेंगे और उचित कार्रवाई करेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button