12 फरवरी को देशभर में आंगनवाड़ी केंद्रों पर हड़ताल, बैतूल में सीटू यूनियन ने दी सूचना

श्रम विरोधी नीतियों के खिलाफ करेंगे प्रदर्शन

बैतूल। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सहायिका एकता यूनियन सीटू जिला शाखा बैतूल द्वारा आयुक्त महिला एवं बाल विकास के नाम बैतूल कलेक्टर एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय में आगामी 12 फरवरी को आंगनवाड़ी केंद्रों पर हड़ताल की सूचना दी गई। यह हड़ताल अखिल भारतीय आंगनवाड़ी वर्कर्स एंड हेल्पर फेडरेशन के राष्ट्रीय आह्वान पर की जा रही है। ज्ञापन यूनियन की जिला अध्यक्ष सुनीता राजपाल, महासचिव पुष्पा वाईकर, उपाध्यक्ष आशा सूरजे एवं सचिव इंदिरा भारद्वाज द्वारा सौंपा गया।
यूनियन की महासचिव पुष्पा वाईकर ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि यह हड़ताल केंद्र की भाजपा सरकार की श्रम विरोधी नीतियों, चार काली श्रम संहिताओं और नियमों को निरस्त किए जाने की मांग को लेकर की जा रही है। इसके साथ ही आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सहायिकाओं को ग्रेड-3 एवं ग्रेड-4 के सरकारी कर्मचारी के रूप में नियमित करने, 45वीं एवं 46वीं भारतीय श्रम सम्मेलन की सिफारिशें लागू करने तथा योजना श्रमिकों के लिए वेतन आयोग गठित करने की मांग प्रमुख है। शासन स्तर पर लंबित न्यूनतम वेतन 26 हजार रुपये और पेंशन 10 हजार रुपये प्रतिमाह देने, समान काम समान वेतन लागू करने, सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के अनुसार देशभर में ग्रेच्युटी लागू करने, आईसीडीएस का निजीकरण नहीं करने तथा केवाईसी या एफआरएस के नाम पर हितग्राहियों के नाम नहीं हटाए जाने सहित कुल 17 सूत्री मांगों को लेकर यह हड़ताल की जा रही है।
यूनियन ने जिले की सभी आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सहायिकाओं, आशा कार्यकर्ताओं और मिड डे मील रसोइयों से अपील की है कि वे अपने अधिकारों के लिए एकजुट होकर 12 फरवरी की हड़ताल को सफल बनाएं। अपील करने वालों में जिला अध्यक्ष सुनीता राजपाल, महासचिव पुष्पा वाईकर, उपाध्यक्ष आशा सूरजे, कार्यकारी अध्यक्ष योगिता शिवहरे, सविता आर्य, सचिव सुनीता तिवारी, इंदिरा भारद्वाज, गीता मालवी, कल्पना बर्डे, दिलवाती मर्सकोले, प्रमिला निरापुरे, रुखसाना बानो सहित अनेक आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सहायिकाएं शामिल हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button