discussion over tea: प्रतिमाह के द्वितीय रविवार “चाय पर चर्चा” नाम से बैठक आयोजित करेगा संयुक्त मोर्चा
केन्द्रीय राज्यमंत्री डी.डी. उइके और स्थानीय विधायकों के स्वागत सम्मान समारोह का निर्णय

बैतूल। कर्मचारी भवन बैतूल में अधिकारी-कर्मचारी संयुक्त मोर्चा की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मप्र लिपिक वर्ग कर्मचारी संघ बैतूल के जिलाध्यक्ष कमलेश चौहान ने की। इस बैठक में संयुक्त मोर्चे ने निर्णय लिया कि प्रतिमाह के द्वितीय रविवार को “चाय पर चर्चा” नाम से बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें जिले के कर्मचारियों की समस्याओं पर की गई कार्यवाही की समीक्षा कर आगामी कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। इस दौरान कलेक्टर और सभी कार्यालय प्रमुखों से विभागीय परामर्शदात्री समिति की बैठकों को नियमित रूप से आयोजित करने और कर्मचारियों की समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने हेतु चर्चा की जाएगी। इस माह के अंतिम सप्ताह में वन विद्यालय बैतूल में केन्द्रीय राज्यमंत्री डी.डी. उइके और स्थानीय विधायकों का स्वागत सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। महासचिव कमलेश चौहान ने बताया कि इस समारोह के लिए राज्यमंत्री से समय प्राप्त कर कार्यक्रम की तिथि और समय निर्धारित कर सूचित किया जाएगा। सभी कर्मचारी संघों के पदाधिकारियों ने सर्वसम्मति से कर्मचारियों की जायज समस्याओं पर चर्चा कर एक संयुक्त मांगपत्र तैयार किया, जिसे केन्द्रीय राज्यमंत्री और स्थानीय विधायकों को सौंपा जाएगा। इस महत्वपूर्ण बैठक में विभिन्न संघों के प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे। जिनमें अजाक्स संघ के जिलाध्यक्ष अनिल कापसे, मप्र लिपिक वर्ग कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष कमलेश चौहान, वन कर्मचारी संघ के अध्यक्ष फिरोज अहमद, उपाध्यक्ष कमल किशोर खतारे, शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष नारायण सिंह नगदे, समग्र शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष राजेन्द्र साहू, न्यू बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के अध्यक्ष प्रकाश माकोड़े, वन एवं वन्य कर्मचारी संघ के अध्यक्ष आकाश प्रधान और अध्यापक संघ के जिलाध्यक्ष राजेन्द्र कटारे शामिल थे।अधिकारी-कर्मचारी संयुक्त मोर्चा ने जिले के सभी कर्मचारी साथियों से अपील की है कि वे इस स्वागत सम्मान कार्यक्रम में अपनी गरिमामयी उपस्थिति सुनिश्चित करें और कार्यक्रम को सफल बनाएं।




