MURDER : गर्लफ्रेंड के साथ पुराने साथी को देखकर प्रेमी ने दोस्त के साथ मिलकर मौत के घाट उतारा
त्रिकोणीय प्रेम संबंध के कारण हुई थी युवक की हत्या, दो आरोपित गिरफ्तार
MURDER NEWS : मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में त्रिकोणीय प्रेम प्रसंग के कारण युवक की हत्या का मामला सामने आया है। गर्लफ्रेंड के साथ उसके पुराने प्रेमी को देखकर नए प्रेमी का गुस्सा इतना भड़क गया कि उसने दोस्त के साथ मिलकर पुराने प्रेमी की हत्या कर डाली। पुलिस को जब युवक की लाश हमलापुर में पड़ी मिली तो उसकी विवेचना के बाद हत्या की गुत्थी सुलझ गई। बैतूल नगर के हमलापुर क्षेत्र में 19 वर्षीय हरन्या निवासी पंकज यदुवंशी की मारपीट कर हत्या करने के पीछे त्रिकोणीय प्रेम प्रसंग कारण था। इसका खुलासा पुलिस के द्वारा की गई जांच में हुआ है।
एसडीओपी शालिनी परस्ते ने बताया कि 19 दिसंबर को सुबह हमलापुर हनुमान मंदिर के सामने रोड के किनारे एक युवक का शव पड़ा मिला था। शव की पहचान पंकज यदवंशी पिता राजेश यदुवंशी उम्र 19 साल निवासी हरन्या थाना बोरदेही के रुप में हुई।मृतक के सिर, चेहरा, पैर में आई चोटों से मामला हत्या का प्रतीत हो रहा था। सीसीटीवी फुटेज व तकनीकी विवेचना के आधार पर मृतक की गर्लफ्रेंड के बारे में जानकारी मिली। उससे पूछताछ करने के बाद देवेन्द्र यादव व हेमंत यादव के विरुद्ध धारा 364, 302, 34 का मामला दर्ज किया गया।
एसडीओपी ने बताया कि पंकज ने बैतूल में रहकर पालीटेक्नि कालेज की पढ़ाई पूरी की थी। इसके बाद उसकी एक कंपनी में नौकरी लग गई थी, तीन जनवरी को उसे ज्वाइन करना था। बैतूल में रखा अपना सामान ले जाने के लिए वह घर से आया था। एक लड़की से प्रेम संबंध थे जो बैतूल में रहकर पढ़ाई कर रही है। उसके आरोपित हेमंत यादव पिता माखन यादव उम्र 21 वर्ष निवासी ग्राम रानीडोंगरी थाना आमला के साथ भी प्रेम संबंध बन गए थे। पंकज जब नौकरी पर जाने से पहले प्रेमिका से मिलने के लिए 18 दिसंबर की रातउसके कमरे पर गया तब आरोपित हेमंत ने उसे वहां पर देख लिया जिससे नाराज होकर वह अपने दोस्त देवेन्द्र पिता दीनू यादव उम्र 22 वर्ष निवासी ग्राम देहलवाड़ा थाना बोरदेही के साथ पंकज को वहां से बाइक पर बिठाकर मलकापुर रोड पर स्थित माचना नदी के पास ले गया।
हेमंत एवं देवेन्द्र ने मृतक पंकज के साथ हाथ-मुक्के से जमकर मारपीट की। पंकज जब जमीन पर गिर गया तो उसे मृत समझ कर वहीं छोड़कर भाग गए। उसका मोबाइल भी उन्होंने तोड़कर फेंक दिया। उनके जाने के बाद पंकज किसी तरह पुल से चलते हुए आया, लेकिन फिर सड़क के किनारे गिर गया और उसकी मौत हो गई। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर मृतक के मोबाईल को माचना नदी में सर्च कराया और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की है।





