3 जनवरी को उत्कृष्ट विद्यालय में सजेगी संगीत संध्या
स्व विजय खण्डेलवाल स्मृति में ‘आवाज सितारों की’ संगीत निशा का होगा आयोजन

बैतूल। जिले की प्रमुख सांगीतिक, साहित्यिक और सांस्कृतिक संस्था शब्द एक बार फिर संगीत प्रेमियों के लिए यादगार संध्या लेकर आ रही है। स्वर्गीय विजय खण्डेलवाल स्मृति में आयोजित ‘आवाज सितारों की – दिलकश नग्मों का सफर’ शीर्षक से संगीत निशा का आयोजन 3 जनवरी 2026, दिन शनिवार को उत्कृष्ट विद्यालय के मुक्त आकाश मंच पर किया जाएगा। यह आयोजन जिले के सांसद और पूर्व अधिवक्ता विकास के प्रतीक रहे स्वर्गीय विजय खण्डेलवाल की स्मृति को समर्पित रहेगा, जिसमें सुरों के माध्यम से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।
शब्द संस्था विगत कई वर्षों से संगीत जगत के ख्यातिनाम कवि, शायर और संगीतकारों के रचनात्मक संग्रह पर आधारित प्रस्तुतियां देती आ रही है। संस्था के कार्यक्रम संयोजक प्रमोद अग्रवाल ने बताया कि इस संगीतमय संध्या में ‘आवाज सितारों की’ के माध्यम से श्रोताओं को दिलकश नग्मों की यादगार यात्रा कराई जाएगी। शब्द संस्था के प्रमुख, अधिवक्ता एवं उद्घोषक अजय दुबे ने जानकारी दी कि कार्यक्रम में जिले के श्रेष्ठतम कलाकारों के साथ-साथ प्रदेश और देश के मशहूर कलाकार भी अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे।
आयोजकों के अनुसार, यह संध्या संगीत रसिकों के लिए भावनात्मक और सांस्कृतिक अनुभव होगी, जहां स्मृति, सम्मान और संगीत का सुंदर संगम देखने को मिलेगा। शब्द संस्था ने सभी संगीत प्रेमी श्रोताओं से अपील की है कि वे पूर्व वर्षों की भांति इस वर्ष भी आयोजन में अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए अपना आशीर्वाद बनाए रखें।




