पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय का वार्षिकोत्सव बना यादगार
मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान, गूंजा वंदे मातरम् का सामूहिक स्वर

अतिरिक्त कलेक्टर मकसूद अहमद और तहसीलदार गोवर्धन पाठे रहे मुख्य अतिथि
बैतूल। पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय, बैतूल का वार्षिकोत्सव शिक्षा, अनुशासन, संस्कार और प्रतिभा की संगठित प्रस्तुति बनकर सामने आया।
समारोह के मुख्य अतिथि अतिरिक्त कलेक्टर मकसूद अहमद और विशिष्ट अतिथि तहसीलदार गोवर्धन पाठे की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष आयाम दिया। अतिथियों का कलर पार्टी द्वारा सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया। दीप प्रज्वलन और मां सरस्वती की वंदना के साथ कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ हुआ। प्राचार्य आर. एन. पांडेय ने हरित स्वागत के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कार्यक्रम की सार्थक शुरुआत की।
प्राचार्य आर. एन. पांडेय ने अपने स्वागत भाषण और वार्षिक प्रतिवेदन में विद्यालय की शैक्षिक एवं सह-शैक्षिक उपलब्धियों का विस्तृत उल्लेख किया। उन्होंने विद्यार्थियों और शिक्षकों की कर्तव्यनिष्ठा, कठिन परिश्रम और समर्पण की सराहना करते हुए अभिभावकों के सहयोग को भी सफलता का आधार बताया।
सांस्कृतिक संध्या में प्रस्तुत स्वागत गीत, ऑर्केस्ट्रा, सेव वाइल्ड लाइफ विषय पर आधारित नृत्य, हास्य प्रस्तुति लेजी डांस, कव्वाली, जनजातीय नृत्य, लघु नाटिका और माइम ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। हर प्रस्तुति में विद्यार्थियों का अनुशासन, मंच कौशल और आत्मविश्वास स्पष्ट रूप से झलकता रहा।
– इन विद्यार्थियों को किया पुरस्कृत
कार्यक्रम का सबसे प्रेरणादायक क्षण वह रहा जब मुख्य अतिथि मकसूद अहमद ने मेधावी विद्यार्थियों अदिति देशमुख, युक्ता महाले, अनुषा घोरसे, भावेश धोटे और श्रेयांश प्रजापति को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। इसके साथ ही विद्यालय में संचालित सह-शैक्षिक एवं खेलकूद गतिविधियों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले सदनों के शिक्षकों और विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में मकसूद अहमद ने विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम, नैतिक मूल्यों और लक्ष्य के प्रति समर्पण के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी और विद्यालय की शैक्षिक गतिविधियों की सराहना की। विशिष्ट अतिथि गोवर्धन पाठे ने कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर सीखने की भावना को जीवन में सफलता का आधार बताते हुए विद्यार्थियों को व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास के साथ एक जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया।
– रेट्रो डांस और लोकनृत्य बना आकर्षण
कार्यक्रम के अंतिम चरण में रेट्रो डांस और लोकनृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को उत्साह और ऊर्जा से भर दिया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के सभी शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। संचालन सुश्री तारिका नरूला, सुश्री अपर्णा शुक्ला और विद्यार्थियों द्वारा किया गया। मुख्य अध्यापक भरत धोटे ने समस्त अतिथियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ यह भव्य आयोजन गरिमापूर्ण समापन तक पहुंचा।




