Three day yoga camp: आज आएंगे परमार्थ देवजी, कल से आरंभ होगा योग-आरोग्य शिविर

बैतूल। योग का महाकुंभ जल्द ही बैतूल में आरंभ होने वाला है। इसके लिए तैयारी अंतिम चरणों में चल रही हैं। पतंजलि योगपीठ से स्वामी परमार्थ देव जी का आगमन कल पहली बार बैतूल जिले में होने जा रहा है वहीं देश-विदेश के प्रसिद्ध आर्युवेदाचार्य डॉ.गजेन्द्र डहरवाल भी कल अपनी पूरी टीम के साथ बैतूल आ रहे हैं।
गौरतलब है कि आगामी 13, 14 और 15 दिसंबर को बैतूल जिला मुख्यालय के लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में सुबह 6 बजे से 8 बजे तक योग शिविर होगा। वहीं सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक आरोग्य शिविर लगेगा। योग शिविर में जहां पतंजलि योगपीठ हरिद्वार के मुख्य केंद्रीय प्रभारी स्वामी डॉ. परमार देव योग साधकों के साथ योग करेंगे। वहीं सुबह 9 से 5 बजे आरोग्य चिकित्सा शिविर में प्रसिद्ध आयुर्वेदाचार्य डॉ. गजेंद्र डहरवाल के नेतृत्व में आरोग्य शिविर संपन्न होगा। इसमें महती भूमिका डॉ.संदीप पाल के मार्गदर्शन में ओम आयुर्वेदिक कॉलेज बैतूल की होगी। वहीं जिला स्वास्थ्य विभाग और जिला आयुष विभाग की टीम भी सक्रिय रहेगी। इस संबंध में योग आरोग्य शिविर के संरक्षक और विधायक हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि सभी लोग मिलकर प्रथम बार बैतूल में होने जा रहे इस योग-आरोग्य शिविर को सफल बनाने में जुटे हुए हैं। योग आरोग्य शिविर के संयोजक सुनील द्विवेदी और पतंजलि योग समिति के जिला प्रभारी सुनील कुबड़े ने बताया कि सारी तैयारियां पूर्ण पूर्ण हो चुकी है और शुक्रवार को सुबह 6 बजे से योग और बाद में आरोग्य शिविर आरंभ हो जाएगा।




