महंगाई के खिलाफ आज होगा चूल्हा जलाओ आंदोलन।

गैस सिलेंडर, स्मार्ट मीटर और बेरोजगारी के विरोध में बहुजन मुक्ति पार्टी का प्रदर्शन। कलेक्टर को सौंपेंगे ज्ञापन, 31 मई को होगा दे धक्का प्रदर्शन।

बैतूल। महंगाई, बेरोजगारी, स्मार्ट मीटर और केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ बहुजन मुक्ति पार्टी ने राष्ट्रव्यापी चरणबद्ध आंदोलन शुरू कर दिया है। राष्ट्रीय परिवर्तन मोर्चा के राष्ट्रीय संयोजक वामन मेश्राम के नेतृत्व में मई 2026 में तीन चरणों में आंदोलन आयोजित किए जा रहे हैं।

आंदोलन का पहला चरण 12 मई को लालटेन भेंट आंदोलन के रूप में आयोजित किया गया था, जिसमें महंगी बिजली और स्मार्ट मीटर के विरोध में प्रदर्शन किया गया। अब दूसरे चरण में आज 20 मई को चूल्हा जलाओ आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडरों की बढ़ी कीमतों के खिलाफ विरोध दर्ज कराया जाएगा। आंदोलन का तीसरा और अंतिम चरण 31 मई को दे धक्का आंदोलन के रूप में आयोजित होगा, जिसमें पेट्रोल-डीजल की बढ़ी कीमतों और केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा।

बैतूल में चूल्हा जलाओ आंदोलन का आयोजन डॉ. बी. आर. अंबेडकर चौक, नेहरू पार्क सदर में दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक किया जाएगा। शाम 4 बजे राष्ट्रपति के नाम कलेक्टर बैतूल के माध्यम से ज्ञापन सौंपा जाएगा।

बहुजन मुक्ति पार्टी के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष बी. एल. मासोदकर, प्रदेश उपाध्यक्ष जनार्दन पाटील, महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश उपाध्यक्ष पुष्पा मर्सकोले, बहुजन मुक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष दासराम नायक तथा युवा प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनिलकुमार माने के नेतृत्व में आंदोलन किया जा रहा है। बहुजन मुक्ति पार्टी बैतूल जिला प्रभारी सुखराम निरापुरे ने नागरिकों से बड़ी संख्या में आंदोलन में शामिल होने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button