टोपीढाना के ग्रामीणों ने दबंगों पर लगाया सड़क निर्माण रुकवाने का आरोप।

मांडू नदी पर पुल नहीं बनने से हर साल जोखिम, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से की शिकायत।

बैतूल। विकासखंड प्रभात पट्टन की ग्राम पंचायत बोरपेड अंतर्गत टोपीढाना के करीब आधा सैकड़ा ग्रामीण भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल से उनके बैतूल स्थित निवास पर मिले और गांव तक पक्की सड़क व मांडू नदी पर पुल निर्माण की मांग को लेकर गुहार लगाई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बोरपेंड के कुछ प्रभावशाली लोग अपनी सुविधा के लिए स्वीकृत सड़क मार्ग को बदलवाने का दबाव बना रहे हैं, जिससे टोपीढाना गांव को सीधा लाभ नहीं मिलेगा।

ग्रामीण संतोष भलावी ने बताया कि टोपीढाना में सभी आदिवासी परिवार निवास करते हैं, जिनका मुख्य व्यवसाय मजदूरी है। गांव तक पहुंचने के लिए मांडू नदी पार करनी पड़ती है, जहां बारिश के दौरान तेज बहाव के कारण हर साल दुर्घटनाएं होती हैं। चार महीने तक स्थिति इतनी खराब रहती है कि बच्चे स्कूल नहीं जा पाते और मरीजों, बुजुर्गों व गर्भवती महिलाओं को खटिया पर उठाकर नदी पार कराना पड़ता है।

ग्रामीणों ने बताया कि लंबे समय से बोरपेंड से घोघरा मांडू नदी होकर टोपीढाना तक सड़क और पुल निर्माण की मांग की जा रही थी। प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत इस मार्ग को स्वीकृति भी मिली और प्रारंभिक सर्वे इसी मार्ग से हुआ था, लेकिन अब कुछ लोगों के दबाव में मार्ग को बदलकर हिरडी की ओर ले जाने की कोशिश की जा रही है, जहां टोपीढाना गांव पड़ता ही नहीं है।

ग्रामीण धन्नाराम धुवे ने कहा कि आदिवासी होने के कारण उनके गांव को जानबूझकर विकास से वंचित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस मांग को लेकर वे केंद्रीय राज्य मंत्री एवं सांसद डी.डी. उइके और क्षेत्रीय विधायक चंद्रशेखर देशमुख से भी मिल चुके हैं, जहां से आश्वासन मिला था कि सड़क का निर्माण मूल प्रस्तावित मार्ग से ही होगा, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

ग्रामीणों ने यह भी बताया कि सड़क निर्माण की मांग को लेकर उन्होंने पहले चुनाव बहिष्कार तक किया था, तब अधिकारियों ने जल्द निर्माण का भरोसा दिया था। बावजूद इसके अब मार्ग परिवर्तन का प्रयास किया जा रहा है, जिससे गांव के लोगों में आक्रोश है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से सुना और उचित निराकरण का आश्वासन दिया। इस दौरान नामदेव सलामे, धन्नाराम धुवे, किशोर उइके, बाबूलाल उइके, दिनेश मोरोपे, गोपाल भलावी, राजू धुवे, सदाराम भलावी, मंगल परते, विनोद टेकाम, सुखदेव पदाम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button