मोरखा में 13 जून को होगा श्री हंस मानव धर्म का 40वां विशाल सत्संग।
हरिद्वार से पधारेंगे सदगुरुदेव सतपाल महाराज के संत-महात्मा। रामायण, गीता और भागवत पर आधारित होगा आध्यात्मिक सत्संग । 1986 से निरंतर जारी है मानव धर्म सत्संग की परंपरा।

बैतूल। आध्यात्मिक चेतना और मानव कल्याण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ग्राम मोरखा में श्री हंस मानव धर्म का 40वां विशाल सत्संग कार्यक्रम 13 जून, शनिवार को आयोजित किया जाएगा। वर्ष 1986 से निरंतर आयोजित हो रहे इस धार्मिक आयोजन को लेकर क्षेत्र के श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
मानव उत्थान सेवा समिति, शाखा मोरखा द्वारा आयोजित यह सत्संग शिव मंदिर, बाजार चौक, मोरखा में रात्रि 8 बजे से 11 बजे तक संपन्न होगा। कार्यक्रम में सदगुरुदेव सतपाल महाराज के परम श्रद्धेय संत-महात्मा हरिद्वार से विशेष रूप से पधार रहे हैं। इनमें महात्मा सौम्यानंद, महात्मा भावनानंद एवं महात्मा ज्ञानप्रकाशानंद शामिल हैं।
संत-महात्माओं द्वारा रामायण, श्रीमद्भगवद्गीता, भागवत तथा अन्य धर्मग्रंथों के आधार पर सारगर्भित एवं प्रेरणादायी सत्संग प्रस्तुत किए जाएंगे। आयोजकों ने सभी भगवत भक्तों एवं जिलेवासियों से समय पर पहुंचकर सत्संग का लाभ लेने तथा आध्यात्मिक ज्ञान के माध्यम से अपने जीवन को प्रकाशित करने का आग्रह किया है।
कार्यक्रम के आयोजन में कैलाश साहू, प्रकाश साहू, बृजमोहन साहू तथा सुभाष साहू एवं परिवार का विशेष सहयोग रहेगा।




