विश्व रेडक्रॉस दिवस पर बैतूल के दो समाजसेवियों को राज्यपाल ने किया सम्मानित ।
शिक्षा क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए जयश्री शाह सम्मानित। पर्यावरण संरक्षण में योगदान पर तरुण वैद्य को मिला सम्मान।

बैतूल। भोपाल में विश्व रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी, मध्यप्रदेश राज्य शाखा द्वारा विज्ञान भवन, नेहरू नगर में उत्कृष्ट सेवा कार्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज सेवा, शिक्षा, पर्यावरण एवं मानव कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले विभिन्न जिलों के प्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश के राज्यपाल एवं भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी, मध्यप्रदेश राज्य शाखा के अध्यक्ष मंगुभाई पटेल रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर निगम भोपाल आयुक्त एवं मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद की महानिदेशक संस्कृति जैन तथा डॉ. अनिल कोठारी मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्य शाखा के चेयरमैन डॉ. श्याम सिंह कुमरे ने की।
समारोह में बैतूल जिले के लिए गौरवपूर्ण क्षण रहा। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए श्रीमती जयश्री शाह को सम्मानित किया गया, जबकि पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए तरुण वैद्य को सम्मान प्रदान किया गया।
राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि रेडक्रॉस समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने का कार्य कर रही है। उन्होंने गरीब, वृद्धजन, महिलाओं, बच्चों एवं दिव्यांगजनों के लिए निरंतर सेवा कार्य करने तथा प्रत्येक जिले में समर्पित टीमों के गठन पर जोर दिया। साथ ही आदिवासी क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान शिविर और सिकल सेल एनीमिया जागरूकता अभियानों की सराहना की।
कार्यक्रम में राज्य शाखा के वाइस चेयरमैन मनीष रावल, प्रदेश कोषाध्यक्ष दीपेश मेहता सहित विभिन्न जिला इकाइयों के पदाधिकारी और रेडक्रॉस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अंत में राज्य शाखा के जनरल सेक्रेटरी रामेन्द्र सिंह ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।





