Political News : जयस की बैतूल विधानसभा सीट पर भी नजर, रायशुमारी कर उतारेंगे उम्मीदवार
Betul News : बैतूल। आगामी विधानसभा चुनाव में आरक्षित सीट के अलावा सामान्य सीट पर भी जयस अपना प्रभाव दिखाने की तैयारी कर रही है। जयस ने बैतूल विधानसभा में आदिवासी मतदाताओं की स्थिति को देखते हुए यह निर्णय लिया है कि इस सीट पर भी जयस को उम्मीदवार उतारना चाहिए।
जयस का बैतूल शहर सहित सभी आदिवासी पोलिंग पर अपना एक काडर तैयार हो चुका है। इसलिए यह तय किया गया है कि जयस अब मतदान केन्द्र के अनुसार बैतूल विधानसभा में भी प्रभारी नियुक्त करेंगी और फिर उनकी सलाह से जो भी बेहतर उम्मीदवार होगा उसे मैदान में उतारेगी। आने वाले एक माह में जयस हर मतदान केन्द्र पर एक प्रभारी, सह प्रभारी और 10 सहयोगी नियुक्त कर उस पोलिंग के आदिवासी मतदाताओं के साथ-साथ दलित पिछड़ा वर्ग और अल्प संख्यक मतदाताओं से भी चुनाव लडऩे को लेकर राय सुमारी करेंगी।
गौरतलब रहे कि बैतूल विधानसभा में 78907 बैतूल ब्लॉक में और 51063 आठनेर ब्लॉक में आदिवासी जनसंख्या है इसलिए बैतूल जैसी सामान्य सीट पर भी जयस निर्णायक भूमिका अदा कर सकती है इसलिए जयस अब आरक्षित सीट के साथ-साथ जिला मुख्यालय की सीट पर भी पूरी ताकत के साथ और राय सुमारी कर उम्मीदवार तय करेगी।




