ग्रीष्म ऋतु के लिए कलेक्टर ने प्रभावी पेयजल कार्य योजना बनाने के दिए निर्देश।

संकल्प से समाधान अभियान के आवेदनों का प्राथमिकता से निराकरण हो।

बैतूल। 23 फरवरी 2026

कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने समय-सीमा बैठक में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लक्ष्य अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना की समीक्षा कर निर्धारित लक्ष्य हासिल करने पर जोर दिया तथा प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना में प्रगति लाने के लिए श्रम पदाधिकारी एवं सभी जनपद सीईओ को निर्देश दिए। प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उन्नयन योजना के अंतर्गत बैंक स्तर पर लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करने को कहा।

राजस्व वसूली की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने राजस्व, खनिज, परिवहन और पंजीयन विभागों को निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की नल-जल योजनाओं की समीक्षा में उन्होंने निर्देशित किया कि सभी एकल ग्राम नल-जल योजनाओं को शीघ्र “हर घर जल” घोषित करने की कार्रवाई पूर्ण की जाए। उन्होंने जनपद सीईओ एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को ग्रीष्म ऋतु को ध्यान में रखते हुए ग्रामवार पेयजल प्रबंधन की प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर निर्बाध जल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

संकल्प से समाधान अभियान की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि शिविरों में प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता से निराकरण किया जाए ताकि नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके। बैठक में फायर स्टेशन हेतु भूमि आवंटन, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना की तिथियों का निर्धारण, किसानों के फॉर्मर आईडी का शत-प्रतिशत निर्माण, आधार नामांकन, फसल सांख्यिकीय संकलन सहित अन्य समसामयिक विषयों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि योजनाओं के लक्ष्यों को समय पर पूरा करें तथा प्राप्त वित्तीय आवंटन का सदुपयोग सुनिश्चित करें। लापरवाही से आवंटन लैप्स होने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।

उन्होंने माननीय मुख्यमंत्री जी की घोषणाओं के अंतर्गत गुड क्लस्टर, कड़ाई वुडन क्लस्टर एवं मोही औद्योगिक क्षेत्र विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही जनपद सीईओ को अपने क्षेत्रों में आदि सेवा केंद्रों के प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अक्षत जैन, संयुक्त कलेक्टर श्री मकसूद अहमद सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

जनगणना संबंधी निर्देशों को अच्छे से समझे और गंभीरता से क्रियान्वित करें : कलेक्टर सूर्यवंशी

भारत की जनगणना -2027 प्रथम चरण के अंतर्गत चार दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण प्रारंभ

बैतूल 23 फरवरी 2026

भारत की जनगणना -2027 प्रथम चरण के अंतर्गत जिला ग्रामीण एवं नगरीय चार्ज अधिकारियों का दो दिवसीय एवं नगरीय चार्ज अधिकारियों का दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण दो शेषन में सोमवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में प्रारंभ हुआ। प्रशिक्षण के शुभारंभ अवसर पर कलेक्टर व प्रमुख जनगणना अधिकारी श्री नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी, अपर कलेक्टर व जिला जनगणना अधिकारी श्रीमती वंदना जाट, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अक्षत जैन, जिला योजना अधिकारी श्री नरेन्द्र गौतम, सभी एसडीएम, तहसीलदार, नायाब तहसीलदार, मास्टर ट्रेनर उपस्थित थे। यह प्रशिक्षण 23 और 24 फरवरी तक जिला अधिकारी, ग्रामीण चार्ज तहसील अधिकारी के लिए तथा 25 और 26 फरवरी को नगरीय अधिकारियों के लिए आयोजित होगा।

कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने जिला एवं ग्रामीण के चार्ज अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि जनगणना सामान्य प्रक्रिया नहीं बल्कि देश की सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक स्थिति का तथ्यात्मक वास्तविक अवलोकन कर उन्हें आंकड़ों के रूप में सुव्यवस्थित करके उनका उपयोग भविष्य के लिए समावेशी विकास की नीतियों बनाने और विकास कार्यों को गति देने के लिए महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने सभी चार्ज अधिकारी एसडीएम और तहसीलदारों को निर्देशित किया कि जनगणना अधिनियम जनगणना नियम एवं जनगणना निदेशालय द्वारा जारी सर्कुलर्स को , पत्र और निर्देशों को गंभीरता पूर्वक अध्ययन करें,अच्छे से समझे और आयोजित प्रशिक्षण में अपनी शंकाओं का समाधान कराएं।

जनगणना के दौरान संकलित जानकारी पूरी तरह रहेगी गोपनीय

उन्होंने कहा कि जनगणना के संबंध में प्रशिक्षण उपरांत परीक्षा का भी आयोजन किया जाएगा। उन्होंने सभी चार्ज अधिकारियों को जनगणना में संलग्न होने वाले अधीनस्थ अमले को भी प्रशिक्षण दिए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में जनगणना के महत्व और गंभीरता के प्रति वातावरण का निर्माण करें। नागरिकों को जागरूक करें कि उनके द्वारा दी जाने वाली जानकारी केवल और केवल जनगणना के लिए ही हैं। बताए कि जनगणना के दौरान संकलित व्यक्तिगत जानकारियां पूर्णतः गोपनीय होती हैं और इसे किसी अन्य के साथ साझा नहीं किया जाता है। साथ ही, एकत्रित की गई व्यक्तिगत जानकारी को कहीं पर भी साक्ष्य के लिए उपयोग नहीं किया जा सकता।

प्रशिक्षण के दौरान जनगणना कार्य निदेशालय श्री भरतलाल गौर ,ट्रेनर सुश्री आयुषी भावसार व सुश्री आयुषी यादव ने जनगणना के प्रथम चरण में किए जाने वाले कार्यों, प्रपत्रों की प्रविष्टि, मकान सूचीकरण, परिवार विवरण संकलन तथा डिजिटल माध्यम से डेटा फीडिंग की प्रक्रिया पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को तकनीकी पहलुओं के साथ-साथ संभावित चुनौतियों और उनके समाधान की भी जानकारी दी गई।

कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने प्रशिक्षण में दी गई जानकारी को मैदानी स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के निर्देश दिए, ताकि गणनाकर्मी घर-घर सर्वेक्षण के दौरान किसी प्रकार की त्रुटि न करें। उन्होंने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, अपितु देश की विकास योजनाओं की आधारशिला है। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, शहरी विकास और ग्रामीण योजनाओं का स्वरूप जनगणना के आंकड़ों पर ही निर्धारित होता है। ऐसे में प्रत्येक कर्मचारी को पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ कार्य करना होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button