न्यू बैतूल स्कूल ग्राउंड में होगा 9 दिवसीय हनुमत कथा महोत्सव का शुभारंभ 19 मार्च को।

9 दिवसीय हनुमत कथा महोत्सव का शुभारंभ 19 मार्च को। न्यू बैतूल स्कूल ग्राउंड में दोपहर 3 से शाम 6 बजे तक बहेगी कथामृत की धारा।

बैतूल। चैत्र नवरात्रि महापर्व के उपलक्ष्य में न्यू बैतूल स्कूल ग्राउंड में आज 19 मार्च से भव्य 9 दिवसीय हनुमत कथा महोत्सव का शुभारंभ हो रहा है, जिसका समापन 27 मार्च 2026 को राम नवमी के दिन होगा। आयोजनकर्ता राजेश अवस्थी एवं संगीता अवस्थी ने बताया कि प्रयागराज निवासी मानस महारथी पंडित निर्मल कुमार शुक्ल व्यासपीठासीन होकर नौ दिनों तक अपनी ओजस्वी वाणी से हनुमत कथामृत की वर्षा करेंगे।

संगीता अवस्थी ने बताया कि पंडित निर्मल कुमार शुक्ल पिछले 50 वर्षों से श्रीराम कथा और भागवत कथाओं के माध्यम से समाज की आध्यात्मिक सेवा कर रहे हैं और वे एक कुशल कवि, साहित्यकार एवं अनेक ग्रंथों के व्याख्याता हैं। आयोजन में प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक कथा का आयोजन होगा।

आयोजकों के अनुसार कलियुग में भगवान हनुमान सर्वव्यापी होकर राम भक्तों की रक्षा करते हैं और उनकी आराधना से भगवान श्रीराम प्रसन्न होते हैं। उन्होंने बताया कि हनुमान जी को भगवान के द्वार का रक्षक माना गया है और उनकी कृपा के बिना भगवान के दर्शन संभव नहीं माने जाते। तुलसीदास की विनय पत्रिका के अनुसार जिस पर हनुमान जी की कृपा होती है, उस पर सीता, राम, लक्ष्मण, शिव और पार्वती की भी कृपा बनी रहती है।अवस्थी परिवार ने क्षेत्रीय श्रद्धालुओं से अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर कथा का श्रवण करने का आग्रह किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button