मातृशक्ति ने ज्वारों का जुलूस निकाल कर किया विसर्जन।
वार्डवासियों ने फूलों की रंगोली से किया स्वागत पूजन । 2 अप्रैल को हनुमान जन्मोत्सव शोभायात्रा में शामिल होने की अपील।

बैतूल। प्राचीन श्री माता मंदिर में नवमी के अवसर पर सैकड़ों की संख्या में छोटी-छोटी कन्याओं का विशेष पूजन किया गया। इसके बाद कन्याओं को उपहार वितरित किए गए। दोपहर 2 बजे से विशाल भंडारा शुरू हुआ, जो शाम 6 बजे तक चलता रहा।
शाम 6:30 बजे पंडित कमलेंद्र तिवारी द्वारा विधिवत मंत्रोच्चार के साथ अखंड ज्योत का विसर्जन किया गया। रात्रि 8 बजे महाआरती के बाद अखंड ज्योत परिवारों में से पांच भाग्यशाली परिवारों के लिए माता के विशेष श्रृंगार भेंट का ड्रा निकाला गया।
दशमी तिथि को शाम 5 बजे मातृशक्ति महिला मंडल द्वारा ज्वारों का जुलूस निकाला गया, जो माता मंदिर से शुरू होकर मां खप्पर वाली माता मंदिर होते हुए लंगड़ा बाबा मंदिर पहुंचा, जहां विधिवत पूजन कर ज्वारों का विसर्जन किया गया। मार्ग में जगह-जगह वार्डवासियों ने फूलों की रंगोली बनाकर जुलूस का स्वागत किया।
मंदिर समिति के अध्यक्ष डब्बू तलेड़ा ने सभी अखंड ज्योत परिवारों, दर्शनार्थियों और दानदाताओं का आभार व्यक्त किया। साथ ही 2 अप्रैल को माता सेवा युवा मंडल के तत्वाधान में निकलने वाली हनुमान जन्मोत्सव शोभायात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की।




