मां कामाख्या धाम में आज होगा ताप्ती जन्मोत्सव का आयोजन, 108 मीटर चुनरी होगी समर्पित
गुरूमाता देवी ज्ञानेश्वरी गोस्वामी के सान्निध्य में होंगे धार्मिक अनुष्ठान

बैतूल। पुण्य सलिला मां सूर्यपुत्री ताप्ती के जन्मोत्सव पर आज सोमवार 20 जुलाई को मां कामाख्या धाम, पारसडोह में भव्य धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजन होगा। इस अवसर पर अखिल भारतीय जीण माता सेवा संघ, सूरत (गुजरात) द्वारा सनातन धर्म प्रचार-प्रसार पीताम्बरा संस्थान, मध्यप्रदेश को भेंट की गई 108 मीटर लंबी पवित्र चुनरी वैदिक विधि-विधान के साथ माँ ताप्ती को समर्पित की जाएगी।
संस्थान के प्रदेश अध्यक्ष आचार्य रविन्द्र मानकर ने बताया कि सुबह 11 बजे सूरत से आई पावन ध्वजा का ध्वजारोहण होगा। इसके बाद श्रद्धालु मां ताप्ती की पावन जलधारा में दुग्धाभिषेक कर 108 मीटर लंबी चुनरी, सुहाग सामग्री एवं पूजन सामग्री अर्पित करेंगे। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विशेष पूजन-अर्चन के बाद भव्य महाआरती होगी तथा श्रद्धालुओं के लिए विशेष प्रसादी का वितरण किया जाएगा।
आयोजन में पहली बार अंतरराष्ट्रीय गोल्ड मेडलिस्ट ज्योतिषाचार्य एवं मां बगलामुखी सिद्ध साधिका गुरूमाता देवी ज्ञानेश्वरी गोस्वामी तथा सद्गुरुदेव डॉ. सत्यनारायण गिरी गोस्वामी महाराज (सिवनी) का दिव्य सान्निध्य मिलेगा। उनके मार्गदर्शन में पूजन, दुग्धाभिषेक और विशेष आराधना संपन्न होगी।
आयोजन का विशेष आकर्षण मां ताप्ती चुनरी यात्रा रहेगी, जो सोनखेड़ी से शुरू होकर खेड़ी कोर्ट, निमनवाड़ा, गौला और रावा होते हुए मां कामाख्या धाम, पारसडोह पहुंचेगी। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालु चुनरी यात्रा का स्वागत करेंगे।
मां ताप्ती की महाआरती के बाद ग्राम सोनखेड़ी में आयोजित श्रीमद् देवी भागवत महापुराण कथा में ताप्ती जन्मोत्सव पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस दौरान गुरूमाता देवी ज्ञानेश्वरी गोस्वामी श्रद्धालुओं को मां ताप्ती की दिव्य महिमा का वर्णन करेंगी। आयोजन की तैयारियों में देवशंकर धोटे, करण मानकर, संदीप धोटे, आशीष कोसे, वासुदेव ताड़गे, भरत दवंडे, प्रकाश दवंडे, बबलू दवंडे, आलोक पंडाग्रे, प्रद्युम्न पंडाग्रे, रामशंकर देशमुख, अशोक देशमुख, अंशुल मालवीय, नीलेश बारस्कर, संजू दवंडे, अनिल गायकवाड सहित अनेक भक्त जुटे हैं। संस्थान ने सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से आयोजन में शामिल होकर मां सूर्यपुत्री ताप्ती का आशीर्वाद प्राप्त करने का आग्रह किया है।




