Betul news: कोरकू आदिवासी समाज मनाएगा मुठवा माहो महामहोत्सव

युवक-युवती सह परिवार परिचय, जतरा 2024 का भी होगा आयोजन


बैतूल। संविधान दिवस पर शहीद भवन में कोरकू आदिवासी समाज का दीपावली मिलन समारोह सम्पन्न हुआ। सर्वप्रथम कोरकू आदिवासी समाज के आराध्य मुठवा देव का खोटा पूजन के बाद संविधान निर्माता भीमराव अम्बेडकर के छाया चित्र पर माल्यार्पण किया गया। दीपावली मिलन के रिवाज में समाज के वरिष्ठ बाबूलाल कास्दे का तिलक लगाकर सम्मान किया गया। कनिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उनके चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया।
जिला स्तरीय आदिवासी कोरकू समाज एजुकेशन एण्ड सोशल वेलफेयर सोसायटी जिला बैतूल मध्यप्रदेश की महिला प्रकोष्ठ की जिला अध्यक्ष श्रीमती नन्दनी भुसुम की अध्यक्षता एवं वरिष्ठ जिला मुख्य संरक्षक बाबूलाल कास्दे के मार्गदर्शन में देवेन्द्र सिंह मवासे युवा संरक्षक द्वारा उपस्थित समस्त कोरकू आदिवासी सामाजिक बंधुओं का स्वागत करते हुए एजेण्डावार कार्यवाही की शुरूआत की गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संगठन के खुशराज दहीकर ने बताया कोरकू आदिवासी समाज संगठन का मूल उद्देश्य-कोरकू कबिलाई का गोत्र/सरनेम, बोली-भाषा, वेष-भूषा, रहन-सहन, खान-पान, जन्म, लगुन एवं मरण के पूर्वजों की पारम्परिक रूढ़ीप्रथा रीति-रिवाज, प्रकृति एवं प्राकृतिक देवी-देवताओं, जैसे-माता-पिता सह पित्तरों का खोंटा पूजन की परम्परागत संस्कृति आदिवासी होने की मूल पहचान है, इसका पालन एवं संरक्षित करना अनिवार्य है।
— गांव-गांव में निकाली जाएगी समाज जोड़ों यात्रा–
कार्यक्रम में कोरकू रीति रिवाज में फैली कुरीतियों को बन्द करना एवं अनावश्यक खर्च से समाज के गरीबों तबके के लोगों को कर्ज के बोझ से बचाने के लिये, समाज की शांति, प्रगति और सुशासन के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के लिये संगठन के उद्देश्यों की पूर्ति के लिये प्रतिवर्ष अनुसार 18 फरवरी 2024 को मुठवा माहो महामहोत्सव जतरा मनाने का निर्णय लिया। समाज में एकता-अखण्डता बनाये रखने हेतु भाईचारा, बंधुत्व की भावना के मद्देनजर समरसता बनाये रखना। स्वास्थ्य प्रबंधन पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन, जल संरक्षण आदि मुद्दों पर विस्तृत चर्चा करते हुए समाज जोड़ो यात्रा के माध्यम से सदस्यता अभियान को बढ़ाने एवं समाज के अन्तिम व्यक्ति को संगठन से जोड़ने, समाज के सामाजिक बंधुओं का शिक्षा की ओर उन्मुखीकरण, बिड़ी-सिगरेट, तम्बाकू, मद्यपान आदि के नशामुक्ति हेतु जिले की प्रत्येक विकास खण्डों एवं विकास खण्ड अन्तर्गत प्रत्येक गाँव, मजरे, टोले, पारे एवं ढानों में समाज जोड़ो यात्रा निकाली जाएगी।
— शहीदों को दी श्रद्धांजलि–
आयोजन के अन्त में 26 नवम्बर को मुम्बई आतंकी हमले में शहीदों एवं समाज संगठन के कार्यकर्ता जिनका असामयिक देहान्त हो गया है, सभी को सामूहिक श्रद्धांजलि संगठन के माध्यम से दी गई। गोकुल प्रसाद डिकारे संगठन मंत्री द्वारा सभी सामाजिक बंधुओं का आभार व्यक्त किया। आयोजन में नन्दनी भुसुम महिला प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष, सुखमनी कास्दे महामंत्री, लाखू कास्दे महासचिव, बाबूलाल कास्दे, मुख्य जिला संरक्षक, देवेन्द्र सिंह मवासे युवा संरक्षक, भाउराव दहीकर संरक्षक, कर्मचारी अधिकारी प्रकोष्ठ, रमेश कास्दे अध्यक्ष कर्मचारी, अधिकारी प्रकोष्ठ, साहनू दहीकर महामंत्री, सेवानिवृत्त कर्मचारी, अधिकारी प्रकोष्ठ, शिवलाल बेठे, तानासिंग कास्दे महासचिव, श्यामराव भुसुम सचिव, अर्पित भुसुम महासचिव, नितिन लोबो बैतूल नगर अध्यक्ष, श्रीराम कास्दे महामंत्री, उमाचरण कास्दे, सचिन साकोम, अर्जुन धिकारे, मुकेश बेठे आदि बड़ी तादात में उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button