बैतूल की ऐतिहासिक जीत के बाद तकनीकी शिक्षा मंत्री से मिली माइम टीम।

बैतूल। चेन्नई स्थित सत्यभामा विश्वविद्यालय में आयोजित 39वें राष्ट्रीय स्तर युवा उत्सव 2026 में देशभर में प्रथम स्थान हासिल कर लौटी शासकीय जयवंती हक्सर कॉलेज बैतूल की माइम टीम ने मध्यप्रदेश शासन के उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष विभाग के कैबिनेट मंत्री इंदर सिंह परमार से सौजन्य भेंट की। प्राचार्य डॉ. मीनाक्षी चौबे के नेतृत्व में टीम ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता के अनुभव, सीख और गतिविधियों की जानकारी मंत्री के समक्ष रखी।

मंत्री इंदर सिंह परमार ने प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में नेतृत्व, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं और उन्हें भविष्य के लिए तैयार करते हैं।

उल्लेखनीय है कि बरकतउल्लाह विश्वविद्यालय भोपाल का प्रतिनिधित्व करते हुए टीम ने ऑल इंडिया स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर बैतूल को पहली बार राष्ट्रीय मंच पर शीर्ष स्थान दिलाया। जिला सांस्कृतिक समन्वयक डॉ. युगल किशोर सरले ने बताया कि टीम ने करीब छह महीनों तक लगातार कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण के साथ अभ्यास किया, जिसका परिणाम प्रथम स्थान के रूप में सामने आया। इस दौरान शिवदयाल साहू भी टीम के साथ उपस्थित रहे।

टीम की प्रस्तुति एक नारी के दो रूप विषय पर आधारित रही, जिसने प्रभावशाली अभिव्यक्ति से निर्णायकों और दर्शकों को प्रभावित किया। कलाकारों में कारण धाड़से ग्राम बेलकुंड आठनेर, विवेक कुमार मुलताई, ऋषि कपसे ग्राम पोहर भैंसदेही, समीर वाडिया ग्राम पाढर और प्रेरणा सातपुते मिलानपुर बैतूल शामिल रहे।

माइम के निर्देशक लक्की इंगले ग्राम बारवी और सोनू कुशवाहा बैतूल के मार्गदर्शन में प्रस्तुति तैयार हुई, जबकि संगीतकार अर्जुन धाड़से पिपरिया भैंसदेही और सागर पांसे भैंसदेही ने संगीत दिया। दिशा राठौर उपस्थित रही राष्ट्रीय स्तर पर मिली इस सफलता के बाद मंत्री से हुई मुलाकात ने टीम का उत्साह बढ़ाया और बैतूल को नई पहचान दिलाई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button