45 वर्षों की परंपरा के साथ चैत्र नवरात्र पर निकली कलश यात्रा।

ग्राम देवताओं का आह्वान कर हुआ श्री राम कथा का शुभारंभ।

बैतूल। हिंदू नव वर्ष गुड़ी पड़वा और चैत्र नवरात्र के अवसर पर श्री राम मंदिर श्री बाथरी साहू समाज ट्रस्ट समिति द्वारा भव्य कलश यात्रा निकालकर श्री राम कथा का शुभारंभ किया गया। कलश यात्रा नगर के मुख्य मार्गों से होकर निकली और इस दौरान ग्राम देवताओं का आह्वान करते हुए उनका पूजन भी किया गया।

कलश यात्रा में श्री राम कथा वाचक श्रीमती सिया भारती बग्गी पर सवार होकर नगर भ्रमण पर निकलीं। नगरवासियों ने कथावाचक के दर्शन कर पुण्यलाभ प्राप्त किया। यात्रा के दौरान राम नाम की गूंज से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा और बड़ी संख्या में साहू समाज के सामाजिक बंधु तथा धर्मप्रेमी शामिल हुए।

श्री बाथरी साहू समाज के अध्यक्ष राम प्रसाद लहरपुरे ने बताया कि साहू समाज द्वारा पिछले 45 वर्षों से लगातार चैत्र नवरात्र के अवसर पर भागवत एवं श्री राम कथा का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष भी श्री राम कथा गुड़ी पड़वा से प्रारंभ होकर रामनवमी तक चलेगी, जिसमें कथा वाचक श्रीमती सिया भारती द्वारा श्रद्धालुओं को राम नाम का रसपान कराया जाएगा।

उन्होंने बताया कि रामनवमी के दिन भगवान प्रभु श्री राम का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा तथा रामनवमी के दूसरे दिन भगवान प्रभु श्री राम की विशाल शोभायात्रा नगर में निकाली जाएगी। श्री राम कथा के शुभारंभ पर निकली कलश यात्रा में बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी और सामाजिक बंधु उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button