हांगकांग में सम्मानित हुईं बैतूल की मंजू लंगोटे।
अंतरराष्ट्रीय साहित्यिक सम्मेलन में प्रस्तुत किया शोधपत्र ।

बैतूल। जिले की साहित्यिक और सांस्कृतिक प्रतिभा को अंतरराष्ट्रीय मंच पर नई पहचान मिली है। मध्य रेलवे के सहायक मण्डल इंजीनियर बैतूल में मुख्य कार्यालय अधीक्षक के पद पर कार्यरत श्रीमती मंजू लंगोटे ने अपनी पहली विदेश यात्रा के दौरान हांगकांग में आयोजित अंतरराष्ट्रीय साहित्यिक सम्मेलन में शोधपत्र प्रस्तुत कर जिले का गौरव बढ़ाया।
दिल्ली की साहित्यिक एवं सांस्कृतिक संस्था साहित्यशोध संचय फाउंडेशन के बैनर तले आयोजित कार्यक्रम का विषय वैश्विक विकास में साहित्य एवं संस्कृति की भूमिका था। सम्मेलन में श्रीमती मंजू लंगोटे ने इस विषय पर अपना अनुसंधान पत्र प्रस्तुत किया तथा काव्य पाठ कर भी श्रोताओं की सराहना प्राप्त की।

कार्यक्रम में उत्कृष्ट सहभागिता के लिए उन्हें सम्मान पत्र, उनके आलेख से प्रकाशित पुस्तक तथा बेस्ट एनकरेजमेंट सम्मान से सम्मानित किया गया। सम्मेलन की अध्यक्षता डॉ. कुसुमलता मलिक एवं डॉ. श्रद्धा ने की, जबकि मनीष सुंदरयाल ने पूरी टीम का नेतृत्व किया। इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में देशभर से लगभग 50 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिनमें व्याख्याता, प्रोफेसर और शोधार्थी शामिल थे। सम्मेलन के उपरांत प्रतिभागियों ने हांगकांग के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण कर यात्रा का आनंद भी लिया। श्रीमती मंजू लंगोटे की इस उपलब्धि से बैतूल के साहित्यिक एवं सामाजिक क्षेत्र में हर्ष का वातावरण है।




