Big News : भाजपा ने रंजीत सिंह व प्रकाश शिवहरे को पार्टी से निष्कासित किया

Big News : बैतूल। मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में सारनी के भाजपा मंडल उपाध्यक्ष रविंद्र देशमुख को प्रताड़ना देकर आत्महत्या के लिए प्रेरित करने के मामले में आरोपी बनाए गए पूर्व सारनी मंडल अध्यक्ष रंजीत सिंह एवं मंडल के महामंत्री प्रकाश शिवहरे को भाजपा ने आखिर मामला दर्ज होने के 48 दिन बाद पार्टी से बाहर निकाल दिया। इस मामले में पुलिस ने जिन 10 लोगों को आरोपी बनाया था उनमें से अब तक मात्र 6 ही गिरफ्तार हो पाए हैं। रंजीत सिंह समेत चार आरोपियों को पुलिस अब तक खोजने में नाकाम है।
भाजपा जिला कार्यालय से जारी विज्ञप्ति के अनुसार सारनी नगर मंडल के मंडल उपाध्यक्ष रविन्द्र देशमुख द्वारा की गई आत्महत्या मामले में आरोपित बनाए गए भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष रंजीत सिंह एवं भाजपा के मंडल महामंत्री प्रकाश शिवहरे को पार्टी से बाहर कर दिया गया है। दोनों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज हाेने को पार्टी ने अत्यंत गंभीर माना है।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा के निर्देश पर जिला संगठन ने रंजीत सिंह व प्रकाश शिवहरे को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से तत्काल निष्कासित कर दिया है।




