Smuggling : हाईवे से हो रही थी गांजा की तस्करी, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की टीम ने बैतूल के पास कार से बरामद किया 40 पैकेट गांजा

Smuggling : बैतूल। मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के रास्तों से होकर मादक पदार्थों की तस्करी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। बुधवार को भी बैतूल–नागपुर हाईवे पर मिलानपुर में स्थित टोल नाका के पास नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) इंदौर की टीम ने कार से मादक पदार्थ गांजा की तस्करी करने वाले चालक को गिरफ्तार किया है।

ब्यूरो की टीम ने कार क्रमांक सीजी 04–1040 को रोका गया और जब उसमें तलाशी ली तो उसमें 40 पैकेट में भरा हुआ करीब 200 किलोग्राम मादक पदार्थ गांजा पाया गया।

नारकोटिक्स ब्यूरो की टीम को गांजा की तस्करी करने की सूचना मिली थी। इस पर टीम मिलानपुर के टोल नाका पर संदिग्ध वाहन का इंतजार करने के लिए ब्यूरो के इंटेलीजेंस आफिसर संदीप भदौरिया के नेतृत्व में चार सदस्यों की टीम तैनात हो गई थी।

बुधवार सुबह करीब चार बजे टीम ने संदिग्ध कार को रोका और चालक से पूछताछ कर उसमें तलाशी ली। कार के भीतर पैकेट बनाकर मादक पदार्थ गांजा रखा पाया गया। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की टीम ने बैतूल बाजार थाना पुलिस को मौके पर बुलाया और गांजा जब्त कर थाना में रखवाया गया।

कार चालक से पूछताछ की जा रही है जिससे गांजा कहां से लाया जा रहा था और इसकी सप्लाई किसे की जानी थी, उसके बारे में पता लगाया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button