आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए सहारा बनेगा विश्वकर्मा बढ़ई समाज, निःशुल्क कराए जाएंगे विवाह

बोर्ड परीक्षार्थियों को बड़ी राहत, विश्वकर्मा मंदिर में मिलेगी मुफ्त रात्रि ठहरने की सुविधा

समाजहित में बड़ा निर्णय: जरूरतमंद बच्चों का विवाह और विद्यार्थियों को आवास सहयोग

बैतूल। विश्वकर्मा बढ़ई समाज समिति जिला बैतूल की विगत दिनों आयोजित आवश्यक बैठक में समाजहित से जुड़े दो महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। समाज समिति अध्यक्ष गणेश मालवी एवं सचिव शशिकांत मालवी ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि समिति द्वारा जिले में ऐसे परिवारों के बच्चे-बच्चियों, जिनके विवाह में आर्थिक दिक्कतें आती हैं, उनका विवाह निःशुल्क सामाजिक रीति-रिवाजों से कराया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इस योजना के अंतर्गत वर-वधु के माता-पिता की सहमति अनिवार्य होगी। यदि किसी कारणवश माता-पिता जीवित नहीं हैं तो स्थानीय समाज के एक या दो सामाजिक बंधुओं एवं रिश्तेदारों की सहमति आवश्यक होगी। विवाह की तिथि शीघ्र तय कर सार्वजनिक रूप से घोषणा की जाएगी।

बैठक में एक अन्य महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए बताया गया कि वर्तमान में बोर्ड परीक्षाएं प्रारंभ हो रही हैं। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले समाज के छात्र-छात्राएं समयाभाव के कारण परीक्षा केंद्र पर समय से नहीं पहुंच पाते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए समाज समिति ने विश्वकर्मा मंदिर में परीक्षार्थियों के लिए रात्रि में निःशुल्क ठहरने की व्यवस्था करने का निर्णय लिया है, ताकि विद्यार्थी सुबह समय पर अपने परीक्षा केंद्र पहुंचकर परीक्षा दे सकें।

समाज समिति ने जिले भर के ऐसे छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों से इस सुविधा का लाभ लेने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button