वाहन चलाते समय न करें मोबाइल का उपयोग

जागरूक नागरिक सतीश झाम ने स्कूटी पर लगाया बैनर, जनता को कर रहे जागरूक

बैतूल। शहर के जागरूक व्यापारी सतीश झाम, जो हाल ही में एक गंभीर दुर्घटना से बाल-बाल बचे हैं, अब आम जनता को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का बीड़ा उठाए हुए हैं। सतीश झाम अपनी स्कूटी पर एक बड़ा बैनर लगाकर शहर भर में घूम रहे हैं, जो शहर में चर्चा का विषय बन गया है। इस बैनर के माध्यम से वह लोगों से अपील कर रहे हैं कि वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें, ताकि दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

गंज क्षेत्र में अपने अभियान के दौरान समाजसेवी राजेश मदान से चर्चा करते हुए सतीश झाम ने बताया कि दो दिन पहले उनके साथ एक दुर्घटना होते-होते बची। जब वह अपनी स्कूटी से सफर कर रहे थे, तभी सामने से एक कार चालक मोबाइल फोन पर बातें करते हुए गाड़ी चला रहा था। अचानक कार का नियंत्रण बिगड़ गया, और कार स्कूटी से टकराते-टकराते बची।

सतीश झाम ने कहा, मेरी किस्मत अच्छी थी कि मैं बाल-बाल बच गया। इस घटना ने मुझे सोचने पर मजबूर किया कि लोगों को मोबाइल का उपयोग करते समय सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना चाहिए। सतीश झाम अब अपने बैनर के जरिए शहरवासियों से अपील कर रहे हैं कि वे वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें। उन्होंने कहा, मानव जीवन अनमोल है, इसकी कद्र करनी चाहिए। यदि मेरे इस छोटे से प्रयास से किसी का जीवन बचता है, तो मेरे लिए यह सबसे बड़ी खुशी होगी। सतीश झाम के इस प्रयास से शहर में जागरूकता फैल रही है, और लोग उनके इस अभियान से प्रेरणा ले रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button