Betul Police News : साइबर अपराधों को रोकने बैतूल पुलिस ने डिजिटल डिफेंस सेंटर प्रारंभ किया
24 घंटे काम करेगा साइबर डिजिटल डिफेंस सेंटर
Betul Police News : बैतूल। साइबर अपराधों को रोकने के लिए बैतूल पुलिस द्वारा डिजिटल डिफेंस सेंटर शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शुरू किए गए सेंटर में लोग सीधे पहुंचकर मदद ले पाएंगे। पुलिस ने साइबर अपराधों की शिकायत करने के लिए ईमेल आईडी और फोन नंबर भी जारी किए हैं।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ चौधरी ने इस सेंटर का फीता काटकर शुभारंभ किया और साइबर सेल के प्रयासों से 100 मोबाइल जो चोरी हुए और गुम हुए थे उन्हें भी तलाश करने के बाद हितग्राहियों को लौटाया गया।शुभारंभ के अवसर पर पुलिस अधीक्षक चौधरी ने बताया कि मौजूदा दौर में साइबर अपराध की घटनाएं दिनों दिन बढ़ती जा रही हैं। इसे रोकने के लिए लोगों को जागरूक करना और लोगों का जागरूक होना सबसे बड़ा विषय है। इसी के मद्देनजर जिला मुख्यालय पर 24 घंटे सेवा देने वाला केंद्र स्थापित किया गया है।
इसमें सप्ताह के सात दिन विषय विशेषज्ञ अपनी सेवाए देंगे। केंद्र में आकर पीड़ित अपनी समस्या बता सकते हैं और शिकायत दर्ज करवा सकते हैं। साइबर अपराध के संबंध में आ रही परेशानी साझा कर उसका निदान किया जाएगा। इस दौरान पीड़ितों ने साइबर सेल द्वारा उनकी मदद के अनुभव भी साझा किए। कार्यक्रम में एएसपी कमला जोशी, एसडीओपी और विभिन्न थानों के टीआई मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन कविता राजवंशी ने किया।
सेल ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
साइबर सेल ने इस दौरान 24 घंटे काम करने वाला हेल्प लाइन नंबर (7049135443) भी जारी किया है। इसके अलावा पीड़ित Email ID – digitaldefencebtl@gmail.com से भी इस सेंटर से संपर्क कर सकते है। यहां मोबाइल धारकों को साइबर क्राइम से बचने की सलाह दी जाएगी। पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि किसी भी अनाधिकृत लोन एप्लीकेशन से लोन लेने से बचें। सोशल मीडिया पर अनजान लोगो से दोस्ती ना करें। किसी भी अनजान नम्बर/आई.डी. से आए वीडियो काल रिसीव ना करें। आनलाईन टास्क बेस्ड जाब करने से बचें। किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर एनीडेस्क, क्विक सपोर्ट आदि रिमोट एप्लीकेशन इन्स्टाल न करें।




