कोल पेंशनरों का जंतर मंतर पर आज देशव्यापी धरना।
पेंशन रिवीजन और महंगाई भत्ता जोड़ने की मांग। लोक लेखा समिति की 2020 रिपोर्ट लागू करने की उठी मांग। कम पेंशन मिलने से पेंशनरों में बढ़ रहा रोष । 17 राज्यों से हजारों पेंशनर दिल्ली पहुंचेंगे, बैतूल से 30-40 सदस्य रवाना।

बैतूल। ऑल इंडिया कोल पेंशनर्स एसोसिएशन के तत्वावधान में आज 30 मार्च को जंतर मंतर नई दिल्ली पर कोल पेंशनरों की विभिन्न मांगों को लेकर भारत सरकार के खिलाफ विशाल धरना प्रदर्शन किया जाएगा। संगठन ने पेंशन संशोधन के साथ महंगाई भत्ता जोड़कर सेम रैंक सेम पेंशन लागू करने और 18 मार्च 2020 को लोकसभा में प्रस्तुत लोक लेखा समिति की रिपोर्ट को तत्काल लागू करने की मांग उठाई है।
संगठन के अनुसार कोल इंडिया में करीब 6 लाख पेंशनर सेवानिवृत्त हैं, जिनमें से लगभग 2 लाख को 1000 रु प्रति माह से भी कम पेंशन मिल रही है। इसे लेकर पेंशनरों में लगातार रोष बढ़ रहा है। इससे पहले धनबाद, बनारस, कोलकाता और हैदराबाद सहित कई स्थानों पर भारत सरकार और कोयला मंत्री को ज्ञापन सौंपकर मांगों पर ध्यान आकर्षित कराया जा चुका है।
कोल माइन सेवा निवृत्त कर्मचारी संघ एचएमएस बैतूल के अध्यक्ष डीके साहू ने बताया कि बैतूल जिले से 30 से 40 सदस्य दिल्ली के लिए रवाना हुए हैं। आज 30 मार्च को जंतर मंतर पर देश के 17 राज्यों से हजारों की संख्या में कोल पेंशनर जुटेंगे। उन्होंने सभी पेंशनरों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है।
धरना प्रदर्शन के समर्थन में डीके साहू, डीआर झरबडे, अजय सिंह राजपूत, दिनेश कुमार शर्मा, शिवदयाल चौकीकर, माणिकराव कापसे, नागोराव वागद्रे, रामदास पंडाग्रे, गुलाबराव अडलक, सीपी साहू, सुरेश साहू, अशोक सेलकरी, बीआर गव्हाडे, सुखराम पवार, कुंदन लाल चौधरी, मुन्ना पवार, मिरधीलाल पवार, गणपति देशमुख, उत्तम साहू, लखन पवार, मनोज सोनी, आरडी सोनी, शंकरलाल साहू, किशोरीलाल पवार सहित बैतूल जिले के समस्त सेवानिवृत्त कर्मचारी संघ के सदस्य शामिल हैं।




