कार्यक्रमों में अतिथियों एवं प्रतिभागियों को बुके की जगह भेंट की जाए बुक : दीक्षित
कार्यक्रमों में अतिथियों एवं प्रतिभागियों को बुके की जगह भेंट की जाए बुक : दीक्षित

प्रज्ञा प्रवाह की बैठक में किया समाज जागरण का आह्वान, राष्ट्रीयता पर दिया जोर
बैतूल। प्रज्ञा प्रवाह संगठन की बैठक बुधवार 20 अगस्त को नगर के जयवंती हक्सर महाविद्यालय परिसर में संपन्न हुई। प्रज्ञा प्रवाह संगठन देशभर में बुद्धिजीवियों, सांस्कृतिक कार्यकर्ताओं एवं विद्वानों के बीच बौद्धिक और सांस्कृतिक जागरण के लिए कार्य करता है। इसी कड़ी में नगर के महाविद्यालयों से जुड़े प्रोफेसर्स और शिक्षाकर्मी बड़ी संख्या में इस बैठक में उपस्थित हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रज्ञा प्रवाह के सक्रिय कार्यकर्ता प्रवीण दाताराम गुगनानी द्वारा संगठन का परिचय और उद्देश्यों की जानकारी देते हुए हुई। उन्होंने विस्तार से बताया कि प्रज्ञा प्रवाह का मुख्य लक्ष्य समाज में सकारात्मक सोच, सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रीयता की भावना को जागृत करना है।
बैठक के मुख्य वक्ता प्रज्ञा प्रवाह के क्षेत्रीय संयोजक विनय दीक्षित रहे। उन्होंने उपस्थित प्रोफेसर्स को संबोधित करते हुए समाज जागरण में शिक्षकों की सक्रिय भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों में राष्ट्रीयता से ओतप्रोत पुस्तकों की उपलब्धता आवश्यक है। इन पुस्तकों पर नियमित चर्चा का क्रम बने और छात्रों को भी इसमें सम्मिलित किया जाए।
विनय दीक्षित ने आगे कहा कि समाज में सकारात्मक संदेश देने के लिए संस्थान एक नई परंपरा की शुरुआत करें। प्रतियोगिताओं या कार्यक्रमों में अतिथियों एवं प्रतिभागियों को बुके की जगह बुक भेंट की जाए। यह प्रयास न केवल समाज को जागृत करेगा, बल्कि ज्ञान को भी बढ़ावा देगा। बैठक के अंत में आभार प्रदर्शन प्रज्ञा प्रवाह के कार्यकर्ता प्रोफेसर सुदामा लहरपुरे ने किया।





