Organized health camps and tree plantation drives: ग्रामवासियों ने लिया पर्यावरण बचाने का संकल्प, 150 पौधे लगाए
गंगा जल संवर्धन अभियान के समापन पर स्वास्थ्य शिविर और पौधारोपण अभियान चलाया

बैतूल। घोघरा गांव में हरियाली और जल संरक्षण के संकल्प के साथ सोमवार 30 जून को गंगा जल संवर्धन अभियान का समापन हुआ। नवांकुर संस्था और ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के संयुक्त प्रयास से 150 से अधिक पौधे लगाए गए, ग्रामीणों के स्वास्थ्य की भी चिंता करते हुए नि:शुल्क दवा वितरण शिविर का आयोजन किया गया। पूरे कार्यक्रम में गांव के बच्चों, महिलाओं, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणजनों की सक्रिय भागीदारी रही।
इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष एवं ग्राम के सरपंच रामकिशोर धुर्वे, सचिव पन्नालाल पंडोले, सीएचओ सत्यभामा धाकड़े, अनिल कुमार वरकड़े, शिक्षक किशोर नागले, आशा कार्यकर्ता ईशा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। अभियान के अंतर्गत आंवला, करंजी, महुआ, आम, जामुन सहित अन्य 150 पौधों का रोपण किया गया। सभी उपस्थित जनों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया और यह भरोसा दिलाया कि इन पौधों की देखरेख वे स्वयं करेंगे। कार्यक्रम में बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। साथ ही, नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर में ग्रामीणों को मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए दवाएं वितरित की गईं। नवांकुर संस्था द्वारा चलाया गया यह गंगा जल संवर्धन अभियान 30 मार्च से प्रारंभ हुआ था, जो 30 जून तक चला।





