गंज क्षेत्र में बस संचालन से यातायात बाधित होने का आरोप, रास बिहारी क्रांति सेना ने सौंपा ज्ञापन

बैतूल। गंज क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को लेकर रास बिहारी क्रांति सेना प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष पवन मालवी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर भाजपा कार्यालय के सामने स्थित लगभग 20 हजार स्क्वेयर फीट शासकीय भूमि पर बस स्टॉप एवं बस प्रतीक्षालय बनाए जाने की मांग की है। ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि उक्त भूमि आवासीय प्रयोजन के लिए आवंटित बताई गई है तथा वर्तमान में वह भूमि खाली पड़ी है।

ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि गंज में रेलवे स्टेशन के पास वर्तमान में जहां बस स्टैंड संचालित किया जा रहा है, वहां बस चालकों द्वारा मुख्य मार्ग पर बसों को आगे-पीछे किया जाता है, जिससे आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी होती है और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

रास बिहारी क्रांति सेना ने शासन-प्रशासन से एक माह के भीतर इस विषय में निर्णय लेकर बस स्थानक निर्माण की कार्रवाई करने की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी है कि निर्धारित अवधि में कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button