हादसा: लापता हुए दोस्तों की कार हाथी नाले में मिली, तलाश में जुटी पुलिस

Betul News : बैतूल। नगर के दो युवक 25 जून की शाम अपने घर से खाना खाने के लिए किसी ढाबे पर जाने का कहकर कार से निकले थे। इसके बाद से उनका कहीं पता नहीं चल रहा है। दोनों युवकों के स्वजनों ने गंज थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई है। गंज पुलिस द्वारा दोनों के मोबाइल लोकेशन के आधार पर पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

इसी बीच मंगलवार शाम को गंज के मोक्षधाम के पास हाथी नाले में उनकी कार पड़ी मिली है। सूचना मिलने पर पुलिस और एसडीईआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। नाले में उतरकर कार के गेट खोलकर देखे लेकिन उसमें दोनों नहीं मिले। कार उल्टी अवस्था में नाले के भीतर पड़ी हुई है इससे यह संभावना जताई जा रही है कि 25 जून को तेज वर्षा के दौरान कार सीधे नाले में गिर गई होगी।

गंज थाना प्रभारी एबी मर्सकोले ने बताया कि गंज क्षेत्र के हमलापुर में रहने वाला निवासी राहुल शर्मा (32) और पटवारी कालोनी निवासी नितिन तिवारी (24) दोनों के लापता होने की शिकायत गंज पुलिस थाने में दर्ज कराई गई है। नितिन तिवारी 25 जून की शाम को मां से यह कहकर बाइक से गया था कि दोस्त राहुल शर्मा के साथ खाना खाने जा रहा है।
वह घर से बाईक लेकर गया था जिसे कहीं और खड़ी करने के बाद राहुल की कार क्रमांक एमपी 48 सीए 2153 से गए थे। पुलिस ने जब दोनों के माेबाइल की लोकेशन तलाशी तो आखरी लोकेशन सदर में पाई गई। इसके बाद से दोनाें के मोबाइल बंद हैं।गंज के मोक्षधाम के पास हाथी नाले में कार मिलने के बाद पुलिस के द्वारा झाड़ियों में उनकी तलाश की जा रही है।




