महाशिवरात्रि पर छोटा महादेव भोपाली में गुफा दर्शन प्रतिबंध पर पुनर्समीक्षा की मांग, सौंपा ज्ञापन
सुरक्षा इंतजामों के साथ नियंत्रित प्रत्यक्ष दर्शन की व्यवस्था करने का आग्रह

बैतूल। महाशिवरात्रि पर्व पर छोटा महादेव भोपाली में गुफा दर्शन पर लगाए जा रहे पूर्ण प्रतिबंध की पुनर्समीक्षा की मांग को लेकर मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत घोड़ाडोंगरी के माध्यम से कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में बताया गया कि छोटा महादेव भोपाली जिले का प्राचीन एवं श्रद्धेय धार्मिक स्थल है, जहां महाशिवरात्रि पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान शिव के गुफा स्थित प्रत्यक्ष दर्शन के लिए पहुंचते हैं।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि गत दो वर्षों से सुरक्षा कारणों का हवाला देकर महाशिवरात्रि के दौरान गुफा तक पहुंच पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जा रहा है और एलईडी स्क्रीन के माध्यम से वैकल्पिक दर्शन की व्यवस्था की जाती है, जो कई बार तकनीकी कारणों से बाधित भी हो जाती है। समाचार पत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इस वर्ष भी प्रतिबंध पूर्ववत रहने की संभावना है।
ज्ञापन में यह भी बताया गया कि पूर्व में केवल शिखर पहाड़ी स्थित काला बाबा मार्ग पर प्रतिबंध लगाया जाता रहा है, जबकि गुफा दर्शन की परंपरा वर्षों से चली आ रही है और अन्य दिनों में दर्शन सामान्य रूप से होते हैं। प्रशासन से अनुरोध किया गया है कि पर्याप्त पुलिस व प्रशासनिक बल की तैनाती, बैरिकेडिंग, कतारबद्ध व चरणबद्ध प्रवेश, सीमित संख्या में श्रद्धालुओं को अनुमति, भीड़ प्रबंधन तथा चिकित्सा व आपातकालीन सुविधाओं के साथ नियंत्रित व सुरक्षित प्रत्यक्ष दर्शन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही अंतिम निर्णय व सुरक्षा संबंधी दायित्व जिला प्रशासन के अधिकार क्षेत्र में रहने की बात भी स्पष्ट की गई। ज्ञापन सौंपने वालों में जनपद सदस्य प्रदीप विश्वास, बीजेपी नेता राकेश वर्मा, सौरभ पारधी, अंगद यादव, मदन साहू, धीरज चौरे, आसाराम वर्मा और रंजीत विश्वकर्मा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।




