कलाकारों के लिए विश्वस्तरीय ऑडिटोरियम और खेल सुविधाएं होंगी विकसित : हेमंत खंडेलवाल

सुरों की संध्या में उठी मांग, बैतूल को मिले आधुनिक सांस्कृतिक भवन सिद्धांतों की राजनीति के प्रतीक थे विजय खंडेलवाल : डीडी उइके समाजसेवा और प्रतिभा का सम्मान, पचहत्तर कदम टीम व कृतिका धोटे सम्मानित...

 

बैतूल। शब्द संस्था द्वारा आयोजित स्व. विजय खंडेलवाल की स्मृति में संगीतमय श्रद्धांजलि कार्यक्रम सुरों की गूंज के साथ सामाजिक सरोकार का मंच भी बन गया। कार्यक्रम के दौरान नगर में आधुनिक सुविधाओं से युक्त सांस्कृतिक भवन निर्माण की मांग प्रमुखता से उठाई गई, जिस पर जनप्रतिनिधियों ने सकारात्मक संकेत दिए।

– कलाकारों के लिए विश्वस्तरीय सुविधाओं का आश्वासन

विधायक एवं मध्य प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि बैतूल में कलाकारों के लिए अत्याधुनिक ऑडिटोरियम विकसित किया जाएगा और खेलों का स्वरूप भी विश्व स्तरीय बनाया जाएगा। उन्होंने सांस्कृतिक और खेल अधोसंरचना को समान प्राथमिकता देने की बात कही।

– सिद्धांतों की राजनीति को किया याद

सांसद एवं केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके ने स्व. विजय खंडेलवाल के व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने सदैव सिद्धांतों की राजनीति पर विश्वास रखा और जनसेवा को प्राथमिकता दी। उनके कार्यों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि उनका योगदान समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। कार्यक्रम संयोजक प्रमोद अग्रवाल ने कहा कि स्व.विजय खंडेलवाल की स्मृति सदैव लोगों के दिलों में जीवित रहेगी और उनकी स्मृति में शब्द संस्था द्वारा संगीतमय श्रद्धांजलि का आयोजन आगे भी किया जाता रहेगा। उन्होंने उनके अवसान को अपूरणीय क्षति बताया।

– सांस्कृतिक हाल की आवश्यकता पर जोर

कार्यक्रम के सूत्रधार नरेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि बैतूल में एक सांस्कृतिक हाल का होना अत्यंत आवश्यक है, जिससे आयोजनों में लगने वाला खर्च कम हो सके और स्थानीय कलाकारों को बेहतर मंच मिल सके।

– गीतों ने बांधा समां, श्रोता झूमे

कार्यक्रम का आगाज जरा देखिए ना गीत से हुआ। परिधि बघेल की प्रस्तुति ने श्रोताओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। इसके बाद किशोर पाराशर ने आदमी जो कहता है जैसे संजीदा गीत से वातावरण भावुक कर दिया। नवोदित शुभ ठाकुर ने तुमने पुकारा और हम चले आए तथा आखिरी गीत मोहब्बत का प्रस्तुत कर प्रभाव छोड़ा। धीरज बोथरा ने जुबा पर दर्द भरी दास्तां, संगीता श्रीवास्तव ने यारा सिली सिली और नन्ही बोथरा ने तुम जो मिल गए हो गीत प्रस्तुत कर सराहना पाई। विनय चौहान और अजय मिश्रा के गीतों को भी दर्शकों ने खूब सराहा। योगू शर्मा, प्रदीप चौबे और अशोक टेकाम ने भी अपनी आवाज का जादू बिखेरा।

– सधा हुआ रहा संगीत संयोजन और संचालन

नामदेव अतुलकर के साथ इंदौर से अभिजीत सिंह, मिसरोद से तरुण पहाड़े, शरद पारधी, शिवम धोटे, अर्जुन धुर्वे, स्वास्तिक जोसेफ, रितेश यादव, संतोष करोले और दर्शन जैन ने संगीत संयोजन को प्रभावी बनाया। कार्यक्रम प्रारंभ से पूर्व आयोजन की जानकारी मंच से दिनेश जोसेफ द्वारा दी गई। मंच संचालन नरेंद्र ठाकुर अजय दुबे और ओम द्विवेदी ने किया।

– समाजसेवा और प्रतिभा का सम्मान

स्व विजय खंडेलवाल स्मृति में समाजसेवा पुरस्कार पचहत्तर कदम टीम को प्रदान किया गया। वहीं विधि संकाय में गोल्ड मेडल प्राप्त करने वाली कृतिका धोटे को प्रतिभा सम्मान से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सुर, श्रद्धा और सामाजिक संकल्प का संगम देखने को मिला।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button