Crime : अवैध गतिविधियों का गढ़ बन रहा बैतूलबाजार, गुड़ मंडी में चल रहा था जुआ का अड्डा
शिकायत के बाद जागी बैतूलबाजार थाना की पुलिस, नहीं थम रही गाेवंश की तस्करी
Betul News : बैतूल। धार्मिक नगरी के रूप में विख्यात बैतूलबाजार नगर पिछले कुछ समय से अवैध गतिविधियों के संचालन का गढ़ बनते जा रहा है। इस पर अंकुश लगाने की जिम्मेदारी जिस पुलिस महकमे पर है उसके द्वारा अनदेखी करने के कारण जुआ-सट्टा, गोवंश की तस्करी और शराब का अवैध कारोबार फल-फूल रहा है।
रविवार को बैतूलबाजार की गुड़ मंडी में दिन दहाड़े पुलिस ने जुआ के अड्डों पर छापामार कार्रवाई कर 10 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई को लेकर भले ही थाना पुलिस अपनी वाहवाही लूट रही है लेकिन आम जनता ऐसी गतिविधियों के संचालन को संरक्षण देने का आरोप भी लगा रही है। बैतूलबाजार में कुछ दिन पहले बड़ी संख्या में गोवंश पकड़े गए थे। इससे बैतूलबाजार के गोवंश तस्करी का गढ़ बनने की हकीकत सामने आ गई थी। पुलिस ने एक दिन कार्रवाई कर दी और उसके बाद दोबारा पलटकर ही नहीं देखा। इसी का नतीजा है कि गोवंश तस्करों के द्वारा फिर से खुलेआम अपना अवैध कारोबार संचालित किया जाने लगा है।
खुलेआम चल रहे जुआ के अड्डे
बैतूलबाजार में गुड़ मंडी जैसे स्थान पर जुआ का अड्डा संचालित किए जाने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लग रहे हैं। दिन दहाड़े जुआ घर में जुआरियों की आवाजाही से परेशान लोगों ने जब शिकायत की तब कहीं पुलिस की नींद खुली और आनन फानन में दिखावे के लिए कार्रवाई कर दी। बैतूलबाजार नगर की गुड़ मंडी में जुआ की फड़ संचालित की जा रही थी।
बैतूलबाजार टीआइ बबीता उइके ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर बैतूलबाजार पुलिस ने तत्काल मौके पर दबिश दी। पुलिस की कार्यवाही में 10 जुआरी की धर पकड़ की गई है। जानकारी के अनुसार दोपहर तीन बजे के करीब पुलिस को सूचना मिली थी कि गुड मंडी स्थित एक जगह पर जुआ चल रहा है। सूचना मिलते ही थाना की टीम मौके पर पंहुची और दो जगहों पर धर पकड़ कर करीब दस जुआरियों को पकड़ा है। इस दौरान कुछ जुआरी मौके से फरार भी हो गए। पुलिस ने मौके से जुआरियों के पास से 7800 रुपये जप्त किए हैं। सभी जुआरियों को गिरफ्तार कर थाने लाया गया और उन पर जुआ एक्ट के तहत कार्यवाही की गई।
पकड़े गए जुआरियों में आदित्य पिता संजू, हर्ष राठौर पिता सुभाष राठौर बैतूल बाजार, कृष्ण कुमार मालवीय बाजार चौक, पंकज राठौर बाजार चौक, अभिजीत राठौर राजेंद्र वार्ड, प्रवीण मालवीय आंबेडकर वार्ड, कपिल पिता सुभाष राठौर राजेंद्र वार्ड, अजय सरियाम राजेंद्र वार्ड, सुनील झारखड़े शास्त्री वार्ड,.सानू मालवीय गांधी वार्ड शामिल हैं।
गुड़ मंडी से चल रहा सट्टे का काराेबार
बैतूलबाजार में गुड़ मंडी से ही सट्टे का अवैध कारोबार भी खुलेआम संचालित किया जा रहा है। नगर परिषद कार्यालय के आसपास ही सट्टा खबाड़ों का जमघट लगा रहता है और खुलेआम उनके द्वारा सट्टे की पर्चियां काटी जाती हैं। बैतूलबाजार के लोगों की मानें तो गुड़ मंडी में ही कई सट्टा खबाड़ों के द्वारा अपना डेरा जमाकर रखा जाता है। पशु अस्पताल के पुराने भवन को अवैध गतिविधियों का अड्डा बना लिया गया है। पुलिस के द्वारा भी आज तक कोई कार्रवाई करने की जहमत नहीं उठाई गई है।




