Betul news: कट्टे की नोक पर बोर को जेसीबी से खुर्द बुर्द करने के आरोप
आवेदकगणों ने पुलिस अधीक्षक से की शिकायत, दोषियों पर कार्रवाई की मांग

Betul news: बैतूल। जिला मुख्यालय के अंतर्गत आने वाले ग्राम मण्डाई बुजुर्ग के किसानों ने सोमवार को जिला मुख्यालय पहुंचकर सात लोगों के खिलाफ विवाद करते हुए जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। दरअसल, यह मामला खेत में बोर को लेकर उपजे विवाद का है। न्यायालय द्वारा इस मामले में स्थगन आदेश भी जारी कर दिया गया है। शिकायतकर्ता किसान सक्कु उर्फ पतिराम चौधरी, सुनीता चौधरी, उमेश चौधरी, धर्मेन्द्र चौधरी एसपी को सौंपे शिकायत आवेदन में अनावेदकगणों के खिलाफ कट्टे की नोक पर खेत के बोर को जबरदस्ती जेसीबी एवं मोटर निकालने वाली मशीन के माध्यम से खुर्द बुर्द करने का आरोप लगाया है।
शिकायतकर्ता किसानों ने अनावेदकगण नाथुराम चौधरी पिता भैयालाल चौधरी, गोकुल पिता नाथुराम चौधरी, नकुल पिता नाथुराम चौधरी निवासी मण्डाई बुजुर्ग, मुकेश सरले पिता रमेश सरले निवासी झगडिया, राम गंगारे पिता कैलाश गंगारे निवासी बडोरा, हरिओम भुसारे पिता मुन्ना भुसारे निवासी उमरी खेडली किला के खिलाफ विवाद कर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है। इसके साथ ही जेसीबी मालिक राजकुमार दिवान निवासी सदर, जीप चालक दुर्गेश सोनी के खिलाफ भी शिकायत की गई है।
यह है पूरा मामला:
शिकायतकर्ता किसानों ने बताया कि उन्हें नायब तहसीलदार का आदेश दिनांक 28 जनवरी 2024 को प्राप्त हुआ। अनावेदक की जमीन पर आवेदक द्वारा कब्जा कर पाईप लाईन गाडी गई, उसे हटाने के आदेश नायब तहसीलदार द्वारा पारित किये गये थे। आदेश के परिपालन में उन्होंने नायब तहसीलदार बैतूल के समक्ष 29 जनवरी 2024 को सुबह 11 बजे उपस्थित होकर सिविल न्यायालय के स्थगन आदेश की प्रति प्रस्तुत की थी जिसके बाद नायब तहसीलदार द्वारा अतिक्रमण की कार्यवाही को तत्काल रोक दिया गया था। इसके बावजूद अनावेदकगण नियम विरुद्ध तरीके से आवेदक का कब्जा हटाने का प्रयास कर रहे हैं। अनावेदक गणों द्वारा जान से मारने की धमकी दी जा रही है।
–– गुंडे बुलाकर कट्टे की नोट पर दी धमकी–
शिकायत आवेदन में उल्लेख किया गया है कि अनावेदक नाथूराम, नकुल, गोकुल चौधरी द्वारा 8-10 गुडें बुलाकर जिनके हाथ में तलवार लाठी एवं जेब में बंदूक कट्टे थे, आवेदक को धमकी दी कि खेत में घुसे तो बंदूक से गोली मार देंगे। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि अनावेदकों द्वारा बोरिंग का लगभग दो लाख रूपये का नुकसान किया है। घटना के बाद पाढर पुलिस मौके पर पहुंची थी।
इसके बावजूद अनावेदकगणों पर कोई कार्यवाही नही की गई। घटना कारित करने वाली जे.सी.बी. मशीन एवं बोर निकालने वाली कंमाडर जीप को भी जप्त नही किया और ना ही उन पर कोई कार्यवाही की गई। शिकायतकर्ताओं ने अनावेदकगणों के खिलाफ धारा 294, 323, 506, 34 आई.पी.सी. एवं धारा 146, 147, 147 एवं 430 एवं 427 का प्रकरण पंजीबद्ध कर कार्रवाई करने की मांग की है।
शिकायतकर्ता उमेश चौधरी ने बताया कि राजेंद्र, गोकुल, सुधीर, टेनू नामक व्यक्ति सहित अन्य 4 से 6 लोगों द्वारा जबरदस्ती खेत में आकर धमकाया गया। उन्होंने बताया कि दबंगो से उन्हें जान का खतरा बना हुआ है। उनका पूरा परिवार दहशत में है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से सुरक्षा की गुहार लगाई है।




