Big News: तहसील परिसर में शरीर पर डीजल डालकर आग लगाने का प्रयास, राजस्व विभाग पर युवक ने लगाए आरोप
एमपी के बैतूल जिले में मुलताई तहसील परिसर की घटना

Big News Today: एमपी के बैतूल जिले में राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली से नाराज होकर वसीयत होने के बाद नामांतरण नही होने से परेशान युवक ने गुरुवार को तहसील कार्यालय परिसर में परेशान युवक ने खुद पर डीजल डालकर आग लगाने का प्रयास कर डाला। हालांकि आसपास मौजूद लोगों ने उसे आग नही लगाने दी। इस मामले में तहसीलदार का कहना है कि न्यायालय में प्रकरण विचाराधीन हैं। न्यायालयीन प्रक्रिया से ही निराकरण होगा।
घटना मुलताई तहसील कार्यालय परिसर में गुरुवार को दोपहर की बताई जा रही है। युवक ने खुद पर डीजल डालकर आग लगाने का प्रयास किया लेकिन समय रहते उसके आसपास के लोगों ने उसे बचा लिया। इस दौरान सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची।
शरीर पर डीजल डालने और आग लगाने का प्रयास करने वाले सोहित बोबड़े ने मीडिया को बताया कि उसकी वसीयत होने के बाद तहसील कार्यालय में नामातंरण के लिए वह परेशान हो रहा है। इसके लिए वह कई बार तहसील कार्यालय के चक्कर लगा चुका है तथा सभी अधिकारियों को आवेदन दे चुका है इसके बावजूद नामांतरण नही होने से उसने आत्मघाती कदम उठाया।
सोहित ने बताया कि नामांतरण नही होने से उसके अन्य काम प्रभावित हो चुके हैं जिससे वह परेशानी का सामना कर रहा है। गुरूवार भी वह तहसील कार्यालय पहुंचा लेकिन नामांतरण नही हुआ। युवक ने बताया कि वह लगातार तहसील कार्यालय के चक्कर काट रहा है तथा उसे न्याय नहीं मिल रहा है इसलिए परेशान एवं मजबूर होकर आत्मघाती कदम उठाया है।
मुलताई के तहसीलदार गोवर्धन पाठे ने बताया कि न्यायालय में उक्त युवक के पिता अशोक बोबड़े का प्रकरण चल रहे हैं। तीन प्रकरण में इनके पक्ष में निर्णय हो चुके हैं। यह चाहते हैं कि सभी छह प्रकरण में निर्णय इनके पक्ष में हो। न्यायालयीन प्रक्रिया जारी है, जो भी निर्णय होगा इसी प्रक्रिया के अनुसार होगा।




