गंदा पानी पिला रही नगर पालिका, शुद्ध पानी बेचने का खेल बंद हो।

गणेश वार्ड में दूषित जल सप्लाई पर शिवसेना ने खोला मोर्चा। विजेंद्र गोले ने ठेकेदार-प्रशासन गठजोड़ पर उठाए सवाल।

बैतूल। शिवसेना के जिला प्रमुख विजेंद्र गोले ने शहर की पेयजल व्यवस्था को लेकर तीखा बयान जारी करते हुए नगर पालिका पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि एक ओर नगर पालिका कैनोपी लगाकर निर्मल जल के नाम पर शुद्ध पानी बेच रही है, वहीं दूसरी ओर आम जनता को गंदा और बदबूदार पानी पिलाया जा रहा है। यह स्थिति सीधे तौर पर जनता के साथ अन्याय और दोहरे मापदंड को दर्शाती है।

गणेश वार्ड का मुद्दा उठाते हुए विजेंद्र गोले ने कहा कि हाल ही में यहां गंदे पानी की सप्लाई हुई है, जिससे क्षेत्रवासियों में आक्रोश है। उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया के दौर में भी लोगों को साफ पानी न मिलना नगर पालिका की विफलता है और यह गंभीर चिंता का विषय है।

उन्होंने आरोप लगाया कि गणेश वार्ड में बन रही पानी की टंकी के निर्माण कार्य में ठेकेदार द्वारा सरकारी हैंडपंप में मोटर पंप डालकर पानी का उपयोग किया जा रहा है। यह नियमों के उल्लंघन के साथ सरकारी संसाधनों का खुला दुरुपयोग है। विजेंद्र गोले ने कहा कि ऐसे कार्य बिना प्रशासनिक संरक्षण के संभव नहीं हैं, जिससे ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों की मिलीभगत की आशंका मजबूत होती है।

विजेंद्र गोले ने कालेज चौक की घटना का जिक्र करते हुए बताया कि निर्माण कार्य के दौरान पाइपलाइन तोड़ दी गई, जिससे हजारों लीटर पानी व्यर्थ बह गया। उन्होंने कहा कि एक ओर जनता को गंदा पानी मिल रहा है और दूसरी ओर इस तरह की लापरवाही से पानी की बर्बादी की जा रही है, जो पूरी व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।

अंत में विजेंद्र गोले ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए और राजेंद्र वार्ड सहित पूरे शहर में स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button