गंज मंडी में अग्निकांड के बाद व्यापारियों ने बढ़ाया हाथ, पीड़ितों को मिली 21–21 हजार की मदद।

बैतूल। गंज मंडी में शुक्रवार देर रात लगी भीषण आग ने दो मेहनती फुटकर दुकानदारों की वर्षों की मेहनत को कुछ ही घंटों में राख कर दिया, जिससे दोनों परिवार गंभीर आर्थिक संकट में आ गए। घटना की जानकारी मिलने पर समाजसेवी राजेश मदान ने व्यापारी संगठन कैट के संभाग अध्यक्ष मंजीत सिंह साहनी और जिलाध्यक्ष मनोज भार्गव सहित अन्य व्यापारियों से संपर्क किया, जिसके बाद जिले के सेवाभावी व्यापारियों से तत्काल स्वैच्छिक आर्थिक सहायता की अपील की गई।
रविवार दोपहर 12 बजे बड़ी संख्या में व्यापारी एकत्रित हुए और मानवता का परिचय देते हुए पीड़ित दुकानदार दीपक अमझरे और आकाश विश्वकर्मा को 21–21 हजार रुपए की नगद सहायता राशि सौंपी, ताकि वे दोबारा अपने व्यवसाय को शुरू कर सकें। इस दौरान मंजीत सिंह साहनी, मनोज भार्गव ने कहा कि यह दान केवल धन नहीं, टूटे हुए व्यक्ति को फिर से खड़ा होने का साहस देता है।
राजेश मदान ने कहा कि शास्त्रों में भी परोपकार को सर्वोच्च धर्म बताया गया है और जरूरतमंद की सहायता ही सच्ची पूजा है। आशीष साहू सहित अन्य व्यापारियों ने स्पष्ट किया कि यह मदद किसी एहसान के रूप में नहीं, भाईचारे और करुणा के भाव से दी गई है, जिससे पीड़ित जल्द ही अपनी दुकानें फिर से शुरू कर सकें।
पीड़ित दुकानदारों ने बताया कि घटना के बाद अब तक प्रशासन की ओर से कोई सर्वे नहीं किया गया है। इसके बावजूद व्यापारियों की इस पहल ने यह साबित किया कि समाज जब एकजुट होता है तो बड़ी से बड़ी आपदा का सामना किया जा सकता है।
आर्थिक सहायता देने वालों में कैट के प्रदेश महामंत्री राजीव खंडेलवाल, संभाग अध्यक्ष मंजीत सिंह साहनी, जिलाध्यक्ष मनोज भार्गव, टूटू भार्गव, आशीष साहू, मनोज मेहता, राजू अग्रवाल, धीरज हिरानी, राजू जसूजा, बलवंत मदान, प्रकाश मदान, राजेश मदान, दीपक सलूजा, सुरेश खोसला, फिरोज पटेल, दीपक खुराना, दिलीप गुप्ता, हरिओम अग्रवाल, अशरफ मेनन, बबन आहूजा, राजेश बतरा, विकास जैन, असलम भाई पटेल सहित कई व्यापारी शामिल रहे। अंत में जिलाध्यक्ष मनोज भार्गव ने सभी का आभार जताते हुए कहा कि कैट हर व्यापारी के सुख-दुख में हमेशा साथ खड़ा रहेगा और प्रशासन से भी पीड़ितों को आर्थिक सहायता दिलाने के लिए प्रयास करेगा।




