Jal Jeevan Mission : जल जीवन मिशन में भ्रष्टाचार,बैतूल जिले में अधूरे पड़े विद्युतीकरण कार्य, नलों से नहीं मिल रहा पानी

Jal Jeevan Mission : मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में जल जीवन मिशन का भ्रष्टाचार हर गांव में नजर आ रहा है। जिम्मेदार अधिकारियों, जन प्रतिनिधियों की बेपरवाही के कारण ग्रामीणों को नलों से शुद्ध पानी नहीं मिल पा रहा है। लंबे समय से मिल रही शिकायतों पर अब बैतूल के कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी योजना के कामकाज की पड़ताल करने लगे हैं।
जिले में जल जीवन मिशन के तहत कराए जा रहे नल जल योजना के कार्याें में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी सामने आ रही है। मंगलवार को कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने भीमपुर विकासखंड के ग्राम डोरी, ग्राम खामापुर, आदर्श धनोरा में जल जीवन मिशन के तहत नल जल योजनाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान ग्रामीणों ने उन्हें पानी नहीं मिलने की जानकारी दी। इस पर कलेक्टर ने समय सीमा में कार्य पूर्ण नहीं किए जाने पर पीएचई विभाग के अधिकारियों व ठेकेदार को कड़ी फटकार लगाई। तीन दिवस में तत्काल कार्य प्रारंभ कर पूर्ण करने के निर्देश पीएचई विभाग के अधिकारियों को दिए।

कलेक्टर ने पीएचई के अधिकारियों से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि मेसर्स कोठारी इन्फ्रास्ट्रक्चर खंडवा के द्वारा 12 ग्रामों में कार्य किया जा रहा है। जिसमें पलासपानी, डोरी, खामापुर, बेला, बक्का, टिटवी, बाटलाकला, देसली शामिल हैं।इन ग्रामों मे पेयजल चालू न करने पर शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायत को कलेक्टर द्वारा तत्काल संज्ञान में लिया गया एवं ठेकेदार को फटकार लगाते हुए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को भी सात दिनों में विद्युत कार्य पूर्ण कर पेयजल प्रारंभ कराए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी है कि ग्रामीणों को पानी मिलना प्रारंभ नहीं हुआ तो ठेकेदार पर भी कार्यवाही की जायेगी।
कलेक्टर सूर्यवंशी ने कृषि देशमुख एजेंसी शाहपुर के द्वारा आदर्श धनोरा में किए जा रहे नल जल योजना का कार्य का निरीक्षण किया। गांव में तीन वर्ष से नल जल योजना का कार्य अधूरा होने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की गई।पीएचई के अधिकारियों एवं ठेकेदार को तत्काल ट्रांसफार्मर लगाकर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।




