बस स्टैंड पर चला विशेष सफाई अभियान, 3 दिन में कचरा मुक्त बनाने का लक्ष्य।
नपा अध्यक्ष सहित जनप्रतिनिधि और नागरिकों ने किया श्रमदान।

बैतूल। स्वच्छता का त्यौहार अभियान के अंतर्गत शनिवार को नगरपालिका द्वारा कोठीबाजार स्थित बस स्टैंड को कचरा मुक्त बनाने के लिए विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अभियान में नपा अध्यक्ष श्रीमती पार्वती बाई बारस्कर, उपाध्यक्ष महेश राठौर, स्वच्छता शाखा सभापति कैलाश धोटे, पिंटू परिहार, मंडल अध्यक्ष विकास मिश्रा, विक्रम वैध, पार्षदगण, नपा अधिकारी-कर्मचारी और नागरिक शामिल हुए।
भोपाल से पहुंचे जिला स्वच्छता प्रभारी सहायक संचालक सतीश मालवीय ने भी अभियान में भाग लिया और जनप्रतिनिधियों के साथ पूरे बस स्टैंड का निरीक्षण किया। इस दौरान दीवारों की सफाई, जालों को हटाने और शौचालयों की स्थिति सुधारने के निर्देश दिए गए। आगामी तीन दिनों में बस स्टैंड को पूरी तरह साफ-सुथरा बनाने का लक्ष्य तय किया गया है।
निरीक्षण के दौरान निर्देश दिए गए कि बस स्टैंड परिसर में रेड स्पॉट की विशेष सफाई कराई जाए, पूरे परिसर में नियमित पोछा लगाया जाए और कहीं भी मकड़ी के जाले न रहें। यात्री प्रतीक्षालय से सभी पुराने बैनर और पंपलेट हटाकर साफ-सफाई रखी जाए। दो पंखे चालू करने, सभी पंखों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने और ट्विनबिन लगाने के निर्देश भी दिए गए।

बस स्टैंड के पीछे के क्षेत्र की सफाई कर जेसीबी मशीन से भूमि समतल करने, शौचालयों में रजिस्टर मेंटेन कर नियमित एंट्री करने और पेयजल मशीन को चालू व व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने साफ-सफाई में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।

आगामी अभियानों में शहर के समाजसेवियों को भी जोड़ा जाएगा। हाल ही में नेहरू पार्क में भी इसी अभियान के तहत व्यापक सफाई की गई थी। वहीं स्वच्छता टीम द्वारा घर-घर जाकर गीला और सूखा कचरा अलग देने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की तैयारियों के तहत सतीश मालवीय ने ट्रेचिंग ग्राउंड और सार्वजनिक शौचालयों का औचक निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए।





