Dead Body Of a Woman : बैतूल से महाराष्ट्र के परतवाड़ा जाने वाले मार्ग के किनारे मिला अज्ञात महिला का शव
तीन से चार दिन पुराना शव होने के कारण पड़ गए कीड़े, नहीं हो पाई शिनाख्त

Dead Body Of a Woman : बैतूल। मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में महाराष्ट्र के परतवाड़ा जाने वाले मार्ग पर 35 से 40 वर्ष की महिला का तीन से चार दिन पुराना शव पड़ा मिला है। महिला की हत्या की गई है या कोई हादसा हुआ है इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चल पाएगा। फिलहाल पुलिस के द्वारा शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचा दिया गया है।
भैंसदेही के एसडीओपी भूपेन्द्र मौर्य ने बताया कि बैतूल से महाराष्ट्र के-परतवाड़ा मार्ग पर ग्राम विजयग्राम और कोयलारी के बीच सड़क किनारे अज्ञात महिला का शव पड़ा होने की सूचना गुरुवार को मिलने के बाद झल्लार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और निरीक्षण किया। माैके पर देखा तो सड़क के किनारे खंती में करीब 35 से 40 वर्ष की उम्र की अज्ञात महिला का शव पड़ा हुआ था।
शव तीन से चार दिन पुराना हो जाने के कारण चेहरे पर कीड़े पड़ गए थे। मृतिका ने बहुत अच्छी साड़ी पहनी हुई थी जिसे देखकर यह प्रतीत हो रहा है कि वह किसी समारोह में शामिल होने के लिए गई होगी या जा रही होगी। दोनों हाथों में चूड़ियां हैं और पैर में मोजे और चप्पल पाई गई है। शव करीब तीन से चार दिन पुराना होने के कारण सड़ने लगा था। इस वजह से चोट के कोई निशान स्पष्ट रूप से नजर नहीं आए हैं। मौके पर भी निरीक्षण किया गया लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
जिले में भी गुमशुदगी के मामलों का पता लगाया गया है लेकिन कोई सूचना अब तक प्राप्त नही हुई है। पंचनामा कार्रवाई करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। पोस्टमार्टम में ही मौत का वास्तविक कारण सामने आ सकेगा।




