समर कैंप में विद्यार्थियों ने सीखा प्रयोगात्मक ज्ञान
पीएमश्री स्कूल खेड़ी सांवलीगढ़ में विविध रोचक और ज्ञानवर्धक गतिविधियों का हो रहा आयोजन

बैतूल। पीएमश्री स्कूल खेड़ी सांवलीगढ़ में चल रहे समर कैंप के अंतर्गत बुधवार 21 मई को विद्यार्थियों के लिए विविध रोचक और ज्ञानवर्धक गतिविधियों का आयोजन किया गया। दिन की शुरुआत ध्यान योग के जरिए भौतिकवादी तनाव व्याकुलता से मुक्ति विषय पर हुई। योग सत्र का संचालन योग प्रशिक्षक द्वारा किया गया, जिसमें उन्होंने विद्यार्थियों को यह समझाया कि एक स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मस्तिष्क एक-दूसरे के पूरक होते हैं। योगासनों और ब्रीदिंग एक्सरसाइज के जरिए विद्यार्थियों ने यह सीखा कि किस प्रकार आत्मा, मन और शरीर को एकाकार किया जा सकता है।
इसके बाद अटल टिंकरिंग लैब में श्रीमती अलका रानी गोम्स द्वारा प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग से जुड़ी गतिविधियां कराई गईं, जिससे बच्चों में नवाचार की भावना का विकास हुआ। श्रीमती सविता भलावी ने देवनागरी लिपि की समसामयिक श्रेष्ठता एवं संस्कृत भाषा की तार्किकता के बारे में बताया। उन्होंने विद्यार्थियों को संस्कृत में मास, दिन और पशु-पक्षियों के नाम भी रोचक तरीके से सिखाए।
डिजिटल फाइनेंशियल लिटरेसी सेशन में श्रीमती पूजा गीद ने छात्रों को साइबर क्राइम से बचने की तकनीकी जानकारी दी। उन्होंने सरल और प्रभावी तरीके से यह बताया कि डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने के लिए क्या सावधानियां जरूरी हैं।
जयेश त्रिवेदी एवं सुनील पूरवे ने बच्चों को स्पोकन इंग्लिश सिखाने की आसान और रोचक तकनीकों से अवगत कराया, जिससे छात्र अंग्रेजी बोलने में आत्मविश्वास महसूस कर सकें। कला गतिविधि के अंतर्गत श्रीमती अनीता उईके, श्रीमती उर्मिला चौकीकर और श्रीमती शकुंतला उबनारे के मार्गदर्शन में बच्चों ने रंग-बिरंगी और मनमोहक ड्राइंग एवं पेंटिंग्स बनाईं।
पूरा दिन विद्यार्थियों के लिए सीखने और आनंद से भरा रहा। अंत में विद्यार्थियों ने यह अनुभव किया कि ज्ञान प्रयोगात्मक और व्यावहारिक हो, तभी वह असली शक्ति बनता है। समर कैंप की इन गतिविधियों ने बच्चों को बौद्धिक रूप से समृद्ध किया, उन्हें आत्मनिर्भरता और नवाचार की ओर प्रेरित भी किया।





