साइबर फ्राड : काले धन को सफेद करने के लिए झांसा देकर बैंक में खाता खुलवाने वाले दो गिरफ्तार
राजस्थान के आरोपी ने बैतूल में अब तक पांच लोगों के बैंक खाते खुलवाए

Betul Crime News: बैतूल। दो हजार रुपये के नाेट बंद करने की घोषणा के बाद जिन लोगों के पास काले धन के रूप में दो हजार रुपये के नोट मौजूद हैं वे उन्हें जैसे-तैसे खपाने के लिए नये नये प्रयास कर रहे हैं। ऐसा ही एक मामला बैतूल में सामने आया है जिसमें लोगों को पांच हजार रुपये मिलने का झांसा देकर बैंकों में खाते खुलवाए जा रहे हैं। खाता खुलने के बाद पास बुक, एटीएम और एक नई मोबाइल की सिम भी अपने कब्जे में रखी जा रही है। पुलिस ने इस मामले में राजस्थान के मुख्य आरोपी के साथ बैतूल के सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया है।
एसडीओपी सृष्टि भार्गव ने पत्रकार वार्ता में बताया कि शाहपुर थाना क्षेत्र के चिखलीमाल निवासी गणेश पिता ब्रजलाल चौकीकर(38) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि मोहम्मद रियाज खान ने एचडीएफसी बैंक में खाता खोलने के नाम पर 1000 रुपये लिए और उसमे 4000 रुपये जमा करने का झांसा दिया था। इसके बाद भी उसने बैंक में राशि जमा न करते हुए धोखाधड़ी की है।
पुलिस ने धारा 420 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना करते हुए आरोपी मोहम्मद रियाज खान निवासी ग्राम गौत्री गुरू जिला अलवर राजस्थान को रेलवे स्टेशन बैतूल से पकड़ा। उससे पूछताछ की गई तो साइबर ठगी करने का खुलासा हुआ। आरोपी ने पुलिस को बताया कि दो हजार रुपये के नोट बंद हो रहे हैं। मुझे काले धन को सफेद करना था इसी कारण ग्राम चिखलीमाल गया और राजा चौकीकर को 2000 रुपये का लालच देकर गणेश चौकीकर, रितेश यादव एवं राज चौकीकर के खाता एचडीएफसी बैंक पर खुलवा दिए। बैंक पासबुक, एटीएम व नई सिम लेकर राजस्थान में राहुल खान को दे दी।
तीन जुलाई को बैतूल के गंज में होटल में रुके एवं वहां दुकान पर काम करने वाली ममता बाई को भी झांसा दिया कि शासकीय योजना में खाता खुलवाने वाले को सरकार की तरफ 5000 रुपये मिल रहे हैं। इस पर वह सहमत हो गई तो चार जुलाई को उसे एवं छह जुलाई को उसकी सहेली अनिता खातरकर का कोटक महेन्द्रा बैंक में खाता खुलवा दिया।
पुलिस ने मोहम्मद रियाज के कब्जे से गणेश चौकीकर का आधार कार्ड, नकदी 700 रुपये, ममताबाई की सिम, अजय यादव की एचडीएफसी बैंक की बैंक पासबुक, एटीएम और नया सिम कार्ड, मोबाइल, एक अन्य एचडीएफसी बैंक का एटीएम कार्ड, जीओ कंपनी के सिम पैकिंग के तीन कवर एवं एक बैग जप्त कर लिया। उसकी निशानदेही पर सहयोगी राजा चौकीकर को ग्राम चिखलीमाल से गिरफ्तार कर खाता खुलवाने के लिए दिए गए 6000 रुपये मे से बचे 1350 रुपये, गणेश चौकीकर के नाम से ली नई सिम, आधार कार्ड जप्त किया गया है ।पुलिस को अभी तक की विवेचना में कुल पांच लोगों के बैंक खाते खुलवाने की जानकारी प्राप्त हुई है।




