Shri Ram Temple will be renovated:: श्रीराम मंदिर का होगा जीर्णोंद्धार:ट्रस्ट ने की तैयारी शुरू
जर्जर हो गई दुकानें तोडऩे की भी चल रही है कार्यवाही

बैतूल। कोठीबाजार के लल्ली चौक पर स्थित प्राचीन श्रीराम मंदिर के जीर्णोंद्धार के लिए ट्रस्ट ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। आज आर्किटेक्ट के द्वारा मंदिर परिसर का नाप लिया गया है और जीर्णोंद्धार के पहले नक्शा तैयार किया जाएगा जिसके बाद जल्द ही श्रीराम मंदिर के कायाकल्प का कार्य शुरू किया जाएगा। श्रीराम मंदिर, श्री शिवमंदिर, श्री राधाकृष्ण मंदिर, श्री छोटा राम मंदिर, पार्वती भवन एकीकृत ट्रस्ट के अध्यक्ष प्रमोद अग्रवाल, ट्रस्टी सचिव नवनीत गर्ग, ट्रस्टी डॉ. कांत दीक्षित एवं ट्रस्टी मनीष खण्डेलवाल (अंटू) की मौजूदगी में नक्शा बनाने की तैयारियां शुरू की गई। गौरतलब है कि नगर पालिका परिषद बैतूल ने श्रीराम मंदिर ट्रस्ट की इन सभी दुकानों को जर्जर घोषित कर दिया है।
*दुकानें खाली करने दिए जा चुके नोटिस*
ट्रस्ट के अध्यक्ष प्रमोद अग्रवाल ने बताया कि नगर पालिका परिषद बैतूल ने पूर्व में भी ट्रस्ट एवं सभी दुकानदारों को सूचना पत्र देकर दुकानें जर्जर होने के चलते खाली करने के लिए बताया था। और इसके लिए समय भी दिया था। इसी के बाद ट्रस्ट द्वारा भी कुछ समय पूर्व सभी दुकानदारों को नोटिस दिया गया और नगर पालिका की सूचना का हवाला देते हुए तत्काल दुकानें रिक्त कर कब्जा ट्रस्ट को सौंपने का आग्रह किया था।
*नपा ने 24 घंटे का दिया था समय*
ट्रस्ट के वरिष्ठ सदस्य डॉ. कांत दीक्षित ने बताया कि इस दौरान दुकानें और जर्जर हो गई तब नगर पालिका ने दीपावली के पूर्व सभी दुकानदारों को 24 घंटे में दुकानें खाली करने का नोटिस दिया लेकिन इसी दौरान सभी दुकानदारों ने ट्रस्ट से संपर्क किया और दीपावली के त्यौहार को दृष्टिगत रखते हुए समय मांगा था। इसलिए ट्रस्ट ने अब नए सिरे से दुकानों को डिस्मेंटल करने की तैयारी शुरू कर दी है ताकि मंदिर का कायाकल्प किया जा सके। और इसी के लिए आज इंजीनियरों द्वारा नापाजोक की गई है। शीघ्र ही नक्शा बनाकर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।
*कभी भी हो सकता है गंभीर हादसा*
गौरतलब है कि लंबे समय से जर्जर हो गए लेंटर को बल्लियों का सहारा दिया गया है जो कि बहुत घातक है। क्योंकि लेंटर का प्लास्टर भी समय-समय पर गिर रहा है। चंूकि यहां पर दुकानें होने के कारण ग्राहकों का आना-जाना रहता है और ऐसी स्थिति में कभी भी लेंटर गिरने से बड़ी दुर्घटना घटित हो सकती है। पूर्व में भी छत पर लगी सीमेंट की बिलसिया गिर चुकी हैं। हालांकि ट्रस्ट ने पिल्लर बनाकर अस्थायी मरम्मत तो कराई है लेकिन इसके बावजूद दुकानदारों को बार-बार चेतावनी दी जा चुकी है कि वह दुकानें खाली कर दें अन्यथा दुर्घटना घटित होने पर ट्रस्ट जवाबदार नहीं रहेगा। और इसकी पूरी जिम्मेदारी दुकानदारों की स्वयं की रहेगी।





