Shiv vivah: हाथी पर सवार होकर नगर भ्रमण पर निकलेंगे राजाधिराज

शिव विवाह उत्सव के पांचवें दिन बाबा को लगाई गई शगुन की हल्दी

बैतूल। 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक बाबा महाकाल की उज्जैन नगरी की तर्ज पर महाशिवरात्रि के अवसर पर बैतूल शहर में श्री शंभू भोले उत्सव सेवा समिति के तत्वाधान में राजाधिराज महाकाल महाराज की शाही बारात निकाली जाएगी। इस अवसर पर बाबा महाकाल दूल्हा रूप में हाथी पर सवार होंगे। शिव बारात थाना महाकाल चौक से भगत चौक, मेघनाथ चौक, टिकारी अखाड़ा चौक, लल्ली चौक, मरही माता मंदिर से वापस थाना महाकाल चौक पहुंचेंगी, जहां विधि विधान से शिव पार्वती का विवाह उत्सव होगा।

इस विवाह उत्सव के अंतर्गत मंगलवार को थाना महाकाल चौक कोठी बाजार स्थित शिवालय में बाबा को शगुन की हल्दी लगाई गई। इसके बाद भोग लगाकर विधिवत पूजा-अर्चना की गई। हल्दी की रस्म महिलाओं द्वारा निभाई गई। हल्दी रस्म में सभी भक्तों ने भी एक दूसरे पर हल्दी के छापे लगाएं। खूब मौज मस्ती के साथ हल्दी खेली गई। हल्दी की रस्म के लिए महिलाओं की टोली सुबह 10 बजे शिवालय पहुंच गई थी। इस अवसर पर बाबा का विशेष राजसी-स्वरूप में श्रृंगार कर आरती व भोग लगाया गया। एक तरफ मंगल गीतों का गान हो रहा था दूसरी तरफ बाबा को हल्दी लगाई जा रही थी। मांगलिक गीतों से शिवालय गुंजायमान हो रहा था। ढोलक की थाप और मजीरे की खनक के बीच शिव-पार्वती के मंगल दाम्पत्य की कामना पर आधारित गीत गाए गए। पारंपरिक शिव भजनों पर महिलाओं ने जमकर नृत्य किया।

— आज लगेगी मेहंदी —

शिव भक्तों द्वारा विवाह रस्में पूरे पारंपरिक तरीके से निभाई जा रही है। आज 6 मार्च बुधवार के दिन रात्रि 8 बजे बाबा को मेहंदी लगेगी। इसके बाद पूजा अर्चना की जाएगी। शिव भक्तों ने बताया कि महाशिवरात्रि के दिन भगवान शंकर व मां पार्वती संग दाम्पत्य सूत्र में बंधे थे। थाना महाकाल स्थित शिवालय से भी उस दिन धूमधाम से भगवान शिव की बारात निकलेगी। मेहंदी, संगीत कार्यक्रम और शिव बारात को लेकर लेकर तैयारी तेज हो गई है। समिति ने शिव भक्तों से ज्यादा से ज्यादा संख्या में शिव बारात में शामिल होने का आग्रह किया है। मेहंदी की रस्म जिम्मेदारी समिति ने शिव भक्त साक्षी शर्मा, नीता वराठे, रीता दत्त, कल्पना मांझी, प्रमिला धोत्रे, कृष्णा अमरूते, हेमा चौहान, सरिता पवार, प्रज्ञा कोल, सरिता राठौर, निर्मला यादव, रश्मि भार्गव, रेनू चौरसिया, शैली चौहान, माधुरी नामदेव, पूनम पवार, कृष्णा मिश्रा, उमा पांडे, कल्पना माझी, कल्पना तरुडकर, तूलिका पचौरी, निमिषा शुक्ला को सौंपी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button