Shiv Barat: महाशिवरात्रि पर्व पर निकलेगी भव्य शिव बरात शाही सवारी में हजारों श्रद्धालु बनेंगे बराती
महाशिवरात्रि पर्व पर निकलेगी भव्य शिव बरात, शाही सवारी में हजारों श्रद्धालु बनेंगे बराती
–बारात मार्ग में 5100 अभिमंत्रित रूद्राक्ष का होगा वितरण, तैयारियों में जुटी समिति
बैतूल। महाशिवरात्रि पर्व पर इस साल भी शहर के शिव भक्तों द्वारा देवाधिदेव महादेव की भव्य बरात निकाली जाएगी। इस भव्य आयोजन के लिए आयोजन समितियां तैयारियों में जुट गई है। शाही सवारी में महाकाल के साथ हजारों श्रद्धालु बराती के रूप में शामिल होंगे। प्रतीकात्मक आयोजन में शिव-पार्वती का विधिवत विवाह होगा।
इस भव्य आयोजन को लेकर आयोजक शिव बरात उत्सव सेवा समिति एवं सहयोगी समिति जय भोले युवा मंडल अखाड़ा चौक के सदस्यों द्वारा सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस वर्ष पूरी भव्यता के साथ विवाह समारेाह आयोजित होगा, जहां विभिन्न कार्यक्रम धार्मिक मान्यता अनुसार कराए जाएंगे। शिव बरात में इस वर्ष 5100 अभिमंत्रित रुद्राक्ष का भी वितरण समिति द्वारा किया जाएगा।
– शिव बरात में यह रहेंगे आकर्षण का केंद्र–
बाबा महाकाल की अलौकिक प्रतिमा आकर्षक पालकी, उज्जैन के कलाकारों व्दारा कड़ा बीम आतिशबाजी, शिव परिवार की आकर्षक प्रतिमा, विजय धुमाल ग्रुप की विशेष प्रस्तुति, श्री भस्म रमैया भक्त मंडल उज्जैन द्वारा डमरू, झांझ की विशेष प्रस्तुति, उज्जैन के गायक चेतन यादव द्वारा विशेष प्रस्तुति, कमल मोटवानी (उज्जैन) द्वारा थाली घुमाने की सेवा (बारात मार्ग में) विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी।
— इन मार्गों से निकलेगी बरात —
शिव बरात अखाड़ा चौक से टिकारी, लल्ली चौक, स्टेडियम चौक, ऑटो स्टेण्ड गंज, बीजासनी माता मंदिर, दिलबहार चौक, कांतिशिवा चौक, मैकेनिक चौक से होते हुए पेट्रोल पंप के बाजू में माता मंदिर पहुंचेंगे जहां भगवान शिव एवं माता पार्वती का विवाह संपन्न होगा।