अतिथि शिक्षक की नौकरी कर रही सरपंच, पंचायत कार्य प्रभावित, जनपद सदस्य ने की शिकायत

सीसी रोड, चबूतरा, श्मशान घाट सड़क और नल-जल में अनियमितता का आरोप

बैतूल। ग्राम पंचायत डेहरी में विकास कार्यों में अनियमितता और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए जनपद सदस्य माया दिलीप यदुवंशी ने जनसुनवाई में शिकायत की है। शिकायत में सरपंच और सचिव पर आर्थिक अनियमितता के आरोप लगाए गए हैं।

शिकायत में कहा गया है कि सरपंच अपने दायित्वों का निर्वहन न करते हुए ग्राम राजेगांव के शासकीय स्कूल में अतिथि शिक्षक के रूप में कार्य कर रही हैं, जो नियम विरुद्ध है। उनकी अनुपस्थिति में ग्रामीणों को कार्यों के लिए भटकना पड़ता है। आरोप है कि उनके पति गोपाल गांव के कोटवार हैं, पंचायत कार्य देख रहे हैं और पंचायत की राशि में हस्तक्षेप कर रहे हैं।

– सीसी रोड में राशि से अधिक निकासी का आरोप

 विधायक निधि से स्वीकृत 4.50 लाख रुपए की सीसी रोड में पहली किस्त 3 लाख 37 हजार 343 डाले जाने के बावजूद 4 लाख 10 हजार 776 रुपए निकाले गए। 2 अक्टूबर 2024 को स्वीकृत 1 लाख रुपए के चबूतरा निर्माण में 1 लाख 42 हजार 144 रुपए निकासी तथा पांचवें वित्त आयोग से स्वीकृत 3 लाख 91 हजार रुपए की खजरी श्मशान घाट सड़क में 3 लाख 81 हजार 330 रुपए निकाले जाने का आरोप है।

नल-जल योजना हैंडओवर के बाद भी 13 हजार 500 और 14 हजार 100 रुपए मोटर मद में तथा 22 हजार 500 रुपए फिटिंग सामग्री में निकाले जाने की शिकायत है। झाड़ू व अन्य सामग्री खरीदी के बिलों पर भी सवाल उठाए गए हैं।

जनपद सदस्य माया दिलीप यदुवंशी ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर सरपंच और सचिव के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button