सरस्वती शिशु मंदिर बोरदेही का शानदार रहा परीक्षा परिणाम
कक्षा 5वीं व 8वीं के विद्यार्थियों ने हासिल की उल्लेखनीय सफलता। नोविता धुर्वे का एकलव्य, दर्शना भूमरकर का नवोदय में चयन। भावेश प्रजापति ने 94 प्रतिशत अंकों के साथ किया उत्कृष्ट प्रदर्शन

बैतूल। सरस्वती शिशु मंदिर बोरदेही ने इस वर्ष भी उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम देकर अपनी शैक्षणिक गुणवत्ता का प्रमाण दिया है। हाल ही में घोषित वार्षिक परीक्षा परिणामों में कक्षा 5वीं एवं कक्षा 8वीं के भैय्या-बहिनों ने उल्लेखनीय सफलता प्राप्त कर विद्यालय और अभिभावकों का गौरव बढ़ाया है।
कक्षा 5वीं की बहिन नोविता धुर्वे, पिता सुकाली धुर्वे ने 81 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। उनकी इस उपलब्धि के साथ ही एकलव्य विद्यालय में चयन भी हुआ है। इसी कक्षा की बहिन दर्शना भूमरकर, पिता शिवनारायण भूमरकर ने 74.7 प्रतिशत अंक हासिल करते हुए नवोदय विद्यालय में चयन प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया है।
वहीं कक्षा 8वीं के भैय्या भावेश प्रजापति, पिता गजानन्द प्रजापति ने 94 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम श्रेणी में सफलता हासिल की और विद्यालय में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त किया। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय के आचार्य परिवार ने हर्ष व्यक्त किया है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य श्यामसुन्दर प्रजापति सहित आचार्यों ने भैय्या-बहिनों की मेहनत, अनुशासन और लगन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। इधर अभिभावकों ने भी बच्चों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विद्यालय के आचार्य दीदी और शिक्षकों के प्रति आभार जताया है।




