सांदीपनि विद्यालय के छात्रों ने बनाई रोबोटिक और लाइन फॉलोअर कार
पिक्टोब्लॉक्स से सीखी ब्लॉक कोडिंग, क्वार्की बोर्ड की मदद से तैयार किए अत्याधुनिक मॉडल, रिमोट से सफल संचालन कर दिखाई तकनीकी प्रतिभा

बैतूल बाजार। तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में सांदीपनि विद्यालय बैतूल बाजार के विद्यार्थियों ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए स्टीम लैब में रोबोटिक कार एवं रोबोटिक लाइन फॉलोअर कार का सफल निर्माण किया है। विद्यार्थियों ने रिमोट के माध्यम से उनका सफल संचालन कर अपनी वैज्ञानिक सोच, तकनीकी दक्षता और नवाचार क्षमता का प्रभावशाली प्रदर्शन भी किया।
विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य आर. के. मालवीय ने बताया कि कक्षा 10वीं के छात्र ऋषभ डोंगरे, कुणाल लोणारे, गौरव निर्मले, गौरांश डांगे, दीपांशु धोटे, गौरव कसरादे एवं उनके सहयोगियों ने इस रोबोटिक मॉडल का निर्माण किया। छात्रों ने सबसे पहले ‘पिक टू ब्लॉक ऐप के माध्यम से ब्लॉक कोडिंग सीखी, जिसके बाद क्वार्की बोर्ड का उपयोग करते हुए रोबोटिक कार और लाइन फॉलोअर कार विकसित की तथा उसका सफल प्रदर्शन किया।
स्टीम लैब प्रभारी दिलीप कुमार पटेल ने बताया कि इस प्रकार के व्यावहारिक प्रयोग विद्यार्थियों में क्रिटिकल थिंकिंग, समस्या समाधान क्षमता और 21वीं सदी के तकनीकी कौशलों का तेजी से विकास करते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और नवाचार आधारित शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
गुरु पूर्णिमा सांदीपनि उत्सव के अवसर पर विद्यालय पहुंचे केंद्रीय एवं राज्य मंत्री डी. डी. उइके, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधाकर पवार, जिला पंचायत उपाध्यक्ष हंसराज धुर्वे, नगर परिषद बैतूल बाजार के उपाध्यक्ष सुरेश गायकवाड़ तथा जिला शिक्षा अधिकारी पूनम वरकड़े ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए रोबोटिक मॉडल का अवलोकन किया। अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा, वैज्ञानिक सोच और नवाचार की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर माध्यमिक विभाग के प्रधान पाठक एम.एल. डढोरे, प्राथमिक विभाग के प्रधान पाठक आर.आर. गायकवाड़, मनोज कुमार रघुवंशी, दिलीप गीत, अभय जोशी, राजेश भालेकर, पुरुषोत्तम देशमुख, प्रीति पोटफोड़े, सविता महाले, निशा पवार, सुधा कौशिक सहित विद्यालय परिवार के सभी शिक्षकों ने बधाई देते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।




