Theft Of Jewelery : सीसीटीवी में कैद हुए आभूषण चोर, दुकानदार को चकमा देकर ले उड़े कनौती
बैतूलबाजार में सर्राफा दुकान पर आभूषण देखने के बहाने दुकान से सोने के जेवर की चोरी

Theft Of Jewelery : बैतूल। शातिर चोरों ने अपने हाथों की सफाई ऐसी दिखाई कि साेने और चांदी को चमकाने में माहिर सर्राफा दुकानदार भी समझ नहीं पाए। शाम को जब मिलान किया तो पता चला कि शातिर चोर उनके पास से सोने का जेवर लेकर भाग गया है। हालांकि सीसीटीवी कैमरे में चोर की हाथ की सफाई पूरी तरह से कैद तो हो गई है लेकिन अब पुलिस कितनी तत्परता के साथ चोरों का पता लगा पाती है यह देखने वाली बात हाेगी।
यह घटना बैतूल जिले के बैतूलबाजार में सर्राफा दुकान पर ग्राहक बनकर आए चोर ने दिनदहाड़े शातिर तरीके से जेवर की चोरी की घटना को अंजाम दे दिया। घटना का तब पता चला जब ज्वेलर्स संचालक ने शाम के समय दुकान बंद करते समय जेवर देखे तो उसमें एक कम मिला। इसकी शिकायत बैतूलबाजार थाने में दर्ज की है। चोरी की वारदात ज्वेलरी की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपित की तलाश कर रही है।
देखें हाथ की सफाई का वीडियो
प्राप्त जानकारी के मुताबिक बैतूलबाजार के बाजार चौक में ज्वेलर्स की दुकान पर शनिवार की शाम को एक व्यक्ति जेवर खरीदने के लिए आया। उसने सोने का लाकेट दिखाने के लिए कहा।दुकानदार ने एक बाक्स में कान में पहनी जाने वाली 11.500 ग्राम वजन की कनौती उसे दिखाई। देखने के बहाने से उसने बाक्स में से एक जेवर चोरी कर लिया और फरार हो गया। शाम को दुकानदार को चोरी का पता चला तो सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जिसमें एक व्यक्ति जेवर की चोरी करते दिखाई दिया। बैतूलबाजार थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपित की तलाश प्रारंभ की है। सीसीटीवी में काला जैकेट पहने हुए और केप लगाए हुए चोर नजर आ रहा है। बैतूलबाजार थाना प्रभारी बबीता उईके ने बताया कि शिकायत के आधार पर चोरी की जांच की जा रही है।




