आरटीओ के वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, युवक की मौत

भारत भारती के पास भोपाल-बैतूल हाईवे पर हादसा; दो साथी घायल, वाहन जब्त कर चालक हिरासत में

बैतूल। भोपाल-बैतूल हाईवे पर भारत भारती के पास गुरुवार दोपहर आरटीओ में लगे एक वाहन ने पल्सर बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में हमलापुर निवासी 28 वर्षीय मुकेश पांसे की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी सुरेंद्र करचुले (25) और आकाश मदन (26) घायल हो गए। दोनों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है और उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है। पुलिस ने वाहन जब्त कर चालक को हिरासत में लेकर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

कोतवाली थाना प्रभारी देवकरण डहरिया ने बताया कि दोपहर करीब डेढ़ बजे आरटीओ में उपयोग किए जा रहे इनोवा वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। तीनों युवक मरामझिरी से बैतूल लौट रहे थे। हादसे में जान गंवाने वाला मुकेश ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करता था। उसकी मां सगनी पांसे भी मजदूरी करती हैं। बड़ा भाई मानसिक रूप से अस्वस्थ होने के कारण वर्षों पहले घर छोड़ चुका है, जबकि बहन मंगला पांसे सेकंड ईयर की छात्रा है। घायल सुरेंद्र टाइल्स का काम करता है और आकाश भी हमलापुर का निवासी है।

जिस इनोवा वाहन से हादसा हुआ, वह प्रवीण तिवारी के नाम पंजीकृत है, लेकिन उसका उपयोग आरटीओ के वाहन के रूप में किया जाता है। हादसे के समय आरटीओ अनुराग शुक्ला वाहन में मौजूद थे या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। वहीं, प्रत्यक्षदर्शियों ने आरोप लगाया है कि आरटीओ के कर्मचारियों ने मौके पर मौजूद कुछ लोगों के मोबाइल से फोटो और वीडियो डिलीट कराए। पुलिस ने इन आरोपों की पुष्टि नहीं की है। टीआई ने बताया कि इन दावों की भी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button